सेवा संकल्प अभियान 2026
सेवा की कहानी: मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना
गांव-गांव तक पहुंची बस सुविधा, ग्रामीणों के जीवन में आया बदलाव
जशपुरनगर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन का बेहतर और सुलभ साधन बनकर सामने आई है। गांवों तक बस सेवा पहुंचने से विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों और आम ग्रामीणों को अब कम किराए में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत संचालित बस में यात्रा कर रहे जशपुर विकासखंड के ग्राम बरटोली भगलपुर निवासी अमित प्रजापति ने बताया कि बस सेवा जशपुर से गजमा तक संचालित हो रही है। यह बस जशपुर से मनोरा, लुखी, मधवा, बेंजोरा और हाड़ीकोना होते हुए गजमा पहुंचती है।
उन्होंने बताया कि पहले गांव से आने-जाने के लिए मुख्य रूप से ऑटो पर निर्भर रहना पड़ता था। ऑटो का किराया अधिक होने के साथ ही समय पर साधन उपलब्ध नहीं हो पाता था। इससे विद्यार्थियों, मजदूरों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना शुरू होने के बाद अब गांव तक सीधी बस सेवा उपलब्ध हो गई है। इससे ग्रामीणों को कम किराए में समय पर और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिल रही है। बस सेवा के कारण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के लिए आवागमन आसान हुआ है, वहीं मजदूरों और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए शहर और विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचना भी सुगम हो गया है।
अमित प्रजापति ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने ग्रामीणों के सफर को आसान बना दिया है। गांव तक बस पहुंचने से समय और किराए की बचत हो रही है तथा शिक्षा, रोजगार और जरूरी सेवाओं से जुड़ने के अवसर भी बढ़े हैं।
