कलेक्टर रोहित व्यास ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा की
आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी केंद्रों में पेयजल-शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
जशपुर : कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ही निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सेवा केंद्र हैं, इसलिए यहां आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने जिले में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी भवनों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में निर्माणाधीन एवं अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी भवनों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही स्वच्छ भारत कोष के अंतर्गत शौचालय निर्माण के कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने के लिए आभा रिपोर्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आधार एवं फेस ऑथेंटिकेशन को प्रभावी तरीके से लागू करने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में 03 से 06 वर्ष के बच्चों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए आधार फेस मैचिंग व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने बच्चों की अपार आईडी बनाने की प्रगति की भी जानकारी ली और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अनुकूल पांडेय, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
