आगामी गरबा उत्सव, नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने हेतु थाना सिटी कोतवाली में शांति समिति की बैठक आयोजित
एसडीएम, एसडीओपी, सीएमओ व थाना प्रभारी की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं एवं दुर्गा/गरबा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से हुआ सीधा संवाद
पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों हेतु दिए गए आवश्यक निर्देश
नगरवासियों व आयोजकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने एवं शांति व सद्भाव बनाए रखने की गई अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में आगामी नवरात्रि, गरबा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांति, सुरक्षा व कानून-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने हेतु पुलिस-प्रशासन द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 06.10.2026 को शाम 04:00 बजे थाना सिटी कोतवाली परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक:- बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के रूप में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व/एसडीएम) बलौदाबाजार, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस/एसडीओपी) बलौदाबाजार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) बलौदाबाजार तथा थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही बैठक में नगर के पार्षदगण, विभिन्न दुर्गा पूजा उत्सव समितियों व गरबा उत्सव समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सम्मानित पत्रकार बंधु, प्रबुद्ध नागरिक एवं नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं जारी निर्देश/अपील:
1. शांति एवं आपसी सौहार्द:- अधिकारियों द्वारा सभी नगरवासियों एवं आयोजकों से अपील की गई कि वे आगामी नवरात्रि, गरबा एवं दशहरा पर्व को पारंपरिक गरिमा, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं।
2. सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी:- गरबा एवं दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं व विशेषकर महिला दर्शनार्थियों की सुरक्षा हेतु स्वयंसेवकों (वालंटियर्स) की तैनाती करने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडालों व मुख्य स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
3. ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं समय सीमा:- शासकीय नियमों व माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा में ही लाउडस्पीकर/डीजे का उपयोग करने हेतु आयोजकों को निर्देशित किया गया।
4. साफ-सफाई व यातायात व्यवस्था:- नगर पालिका प्रशासन को पंडालों के आसपास साफ-सफाई व रोशनी की उचित व्यवस्था करने तथा पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था व सघन गश्त सुनिश्चित करने की बात कही गई।
5. असामाजिक तत्वों पर नजर:- बैठक में स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने, शराब पीकर वाहन चलाने या शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सख्त नजर रहेगी और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, समिति पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने नगर में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
