रेलवे पटरियों से पुराने कचरे और गंदगी की सफाई के लिए बिलासपुर मंडल में चला व्यापक अभियान, बिलासपुर से रायगढ़, कोरबा, चांपा और शहडोल सहित सभी स्टेशनों पर स्वच्छता गतिविधियां तेज; आधुनिक उपकरणों और सुरक्षा उपायों के साथ कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण कर स्वच्छ, सुरक्षित रेलवे परिसर बनाने की पहल

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत मंडल के सभी स्टेशनों, डिपो, वर्कशॉप, यार्ड के ट्रैक पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया ।

पटरियों के किनारे एवं आस-पास के कूड़े कचरों व अपशिष्ट पदार्थों का बेहतर निष्पादन ।                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                              बिलासपुर : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में दिनांक 01 से 15 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन निर्धारित थीम के अनुरूप रेलवे परिसरों में स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य मंडल के सभी स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, वर्कशॉप, कोचिंग डिपो, गुड्स शेड एवं स्वास्थ्य इकाइयों सहित रेलवे परिसरों में स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाना तथा रेलकर्मियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।

इसी क्रम में दिनांक 06 से 08 अक्टूबर 2026 तक “पटरियों के किनारे एवं आसपास पुराने कचरे की सफाई” थीम के अंतर्गत बिलासपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों, यार्ड, वर्कशॉप एवं डिपो में स्थित रेल पटरियों के किनारे एवं आसपास तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर साफ-सफाई एवं कचरा निष्पादन की कार्रवाई की गई।

प्रमुख स्टेशनों के साथ छोटे स्टेशनों पर भी विशेष सफाई

अभियान के तहत बिलासपुर, उसलापुर, रायगढ़, चांपा, कोरबा, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पेंड्रारोड सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ छोटे स्टेशनों पर भी प्लेटफार्म एवं पटरियों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों के समन्वय से स्वच्छता गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया गया।

ट्रैक के दोनों किनारों के कचरे एवं अपशिष्ट पदार्थों की विशेष सफाई

प्लेटफार्म के नीचे एवं ट्रैक में कचरे, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया गया। सफाई मित्रों द्वारा आवश्यक सुरक्षा उपायों एवं आधुनिक उपकरणों का उपयोग करते हुए ट्रैक के किनारे के गंदगी एवं कचरे की सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से सफाई की गई। एकत्रित प्लास्टिक एवं स्क्रैप को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अलग कर हटाया गया। ट्रैक के आसपास के झाड़ियों एवं वनस्पतियों की भी विशेष रूप से सफाई की गई।

कचरे का पृथक्करण एवं उचित निस्तारण

सफाई अभियान के दौरान एकत्रित कचरे एवं अपशिष्ट पदार्थों का पृथक्करण किया गया तथा उसका उचित तरीके से निस्तारण किया गया |  रिसाइकल योग्य सामग्री जैसे प्लास्टिक एवं धातु को गैर-रिसाइकल योग्य कचरे से अलग किया गया, ताकि कचरे का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत संचालित इन गतिविधियों के माध्यम से रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर पर्यावरण वाला बनाने के साथ-साथ स्वच्छता को नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है ।

Related posts