नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर जशपुर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव, 11 से 20 अक्टूबर तक बसों का संचालन परिवर्तित मार्ग से होगा
सुगम ट्रैफिक व्यवस्था एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने जशपुर पुलिस की पहल, वाहन चालकों एवं बस संचालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील
जशपुर : आगामी नवरात्रि एवं दशहरा (विजयादशमी) पर्व के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन एवं रावण दहन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए जशपुर पुलिस द्वारा शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बसों के मार्ग में अस्थायी परिवर्तन किया गया है।
पर्व के दौरान शहर में यातायात का दबाव कम करने, आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए जिले के कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डॉ लाल उमेद सिंह के द्वारा जारी आदेश के अनुसार दिनांक 11 अक्टूबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक बसों का संचालन निम्नानुसार परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
निर्धारित परिवर्तित मार्ग निम्नानुसार हैं—
1. गम्हरिया तिराहा/कुनकुरी की ओर जाने वाली बसें ,
बस स्टैंड से गिरांग तिराहा होते हुए एनएच मार्ग से गम्हरिया तिराहा/कुनकुरी की ओर जाएंगी।
2.गम्हरिया तिराहा/कुनकुरी की ओर से आने वाली बसें,
गम्हरिया तिराहा से एनएच मार्ग होते हुए गिरांग तिराहा से बस स्टैंड पहुंचेंगी।
3.सन्ना रोड से आने-जाने वाली बसें
बिरसा मुंडा चौक, जैन मंदिर एवं बस स्टैंड होते हुए गिरांग तिराहा की ओर संचालित होंगी।
4. सन्ना रोड से आने-जाने वाले छोटे-बड़े वाहन :
बिरसा मुंडा चौक एवं जैन मंदिर होते हुए गिरांग तिराहा की ओर संचालित होंगे।
बस संचालकों एवं वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील
जशपुर पुलिस द्वारा सभी बस संचालकों, बस मालिकों, बस एजेंटों एवं वाहन चालकों से अपील की गई है कि निर्धारित अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था में किए गए बदलाव का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
आम नागरिकों से भी अपील है कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित मार्गों का उपयोग करें तथा सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से बचें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें।
जशपुर पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, शहर में यातायात का सुचारु संचालन बनाए रखना तथा सभी धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है। सभी नागरिकों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
