मॉर्निंग वॉक से लौट रहे बुजुर्ग से मारपीट कर, नगदी रकम लूट करने वाला विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्त में
लूट की नगदी रकम 19,200 एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कुल कीमत लगभग 70,000 रूपये जप्त
एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
रायपुर : प्रार्थी अमूल्य शर्मा ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 12.10.2026 को उसके बड़े पापा कमलेश कुमार शर्मा अपने मित्र कन्हैया लाल साहू के साथ मॉर्निंग वॉक से लौटते समय किड्ज डेफोडिल्स स्कूल के पास एटीएम से रुपये निकाल रहे थे। इसी दौरान एटीएम में एक अज्ञात व्यक्ति ने सहायता करने की पेशकश की। इसके बाद उक्त व्यक्ति जगन्नाथ चौक के पास भी उनके आसपास मौजूद रहा। आगे किड्ज स्कूल के पास सुनसान स्थान पर उक्त व्यक्ति ने पीछे से धक्का देकर उनके मित्र को गिरा दिया तथा प्रार्थी के बड़े पापा के साथ मारपीट कर उनका गला ऐंठते हुए जेब से नकदी रकम 19,500/- लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। घटना में उसके बड़े पापा को चोटें आईं तथा उनके मित्र का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 231/26 धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) श्री रॉबिन्सन गुरिया द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपी की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी, उसके बड़े पापा एवं कन्हैया लाल साहू से विस्तृत पूछताछ की गई। टीम द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन के संबंध में जानकारी एकत्र कर आरोपी की पहचान एवं पतासाजी के लिए विभिन्न तकनीकी एवं मैदानी माध्यमों से प्रयास किए गए।
इसी दौरान मुखबिर एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने घटना में संलिप्त आरोपी की पहचान करते हुए उसकी पतासाजी की और प्रकरण में संलिप्त विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के संबंध में पूछे जाने पर उसने उक्त लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
विधि के साथ संघर्षरत बालक के कब्जे से लूट की नगदी रकम 19,200/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल जुमला कीमती लगभग 70,000/- रूपये जप्त कर कार्यवाही किया गया।
विधि के साथ संघर्षरत एक बालक।
