नोएडा से लापता हुआ, छत्तीसगढ़ के जंगलों में भटकता मिला! एक महीने बाद नारायणपुर पुलिस की पहल से परिवार से मिला सुनील, दो भाइयों का मिलन देख भावुक हुए लोग

नारायणपुर पुलिस की मानवीय पहल से लगभग एक माह से लापता युवक अपने परिवार से मिला।

नोएडा से लापता युवक मंदोड़ा क्षेत्र में भटकता मिला, पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया।

उत्तर प्रदेश के जिला सोनभद्र पुलिस के सहयोग से युवक की पहचान एवं परिजनों की जानकारी प्राप्त की गई।

आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर युवक को उसके छोटे भाई के सुपुर्द किया गया।

नारायणपुर पुलिस की मानवीय पहल

एक माह से लापता युवक को उपचार दिलाकर परिजनों से मिलाया, सकुशल किया सुपुर्द

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में एसडीओपी छोटे डोंगर मनोज मंडावी, एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह, थाना प्रभारी ओरछा राजेश पाण्डेय एवं थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के समन्वय एवं सक्रिय प्रयासों से लगभग एक माह से लापता युवक को उपचार उपलब्ध कराकर उसके परिजनों से मिलाने में सफलता प्राप्त हुई।

नारायणपुर पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के माध्यम से युवक की पहचान सुनिश्चित की तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर उसे सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द किया।

दिनांक 15.10.2026 को थाना ओरछा क्षेत्रांतर्गत पुलिस कैंप मंदोड़ा में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा एक असहाय व्यक्ति को थाना नारायणपुर लाया गया। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि उक्त व्यक्ति पिछले 10–12 दिनों से कैंप के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भटक रहा था।

थाना नारायणपुर में पदस्थ पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर व्यक्ति स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं था। उसकी मानसिक स्थिति असामान्य प्रतीत हो रही थी तथा शारीरिक स्वास्थ्य भी कमजोर था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस द्वारा तत्काल उसे जिला अस्पताल नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार प्रारंभ कराया गया।

अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय से हुई पहचान

उपचार के दौरान स्वास्थ्य में सुधार होने पर युवक से पुनः पूछताछ की गई। इस दौरान वह बार-बार सोनभद्र एवं रामगढ़ गांव का नाम बता रहा था। प्राप्त जानकारी के आधार पर नारायणपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जिला सोनभद्र पुलिस से संपर्क स्थापित कर समन्वय किया।

जांच एवं स्थानीय स्तर पर तस्दीक के दौरान थाना कोन क्षेत्रांतर्गत ग्राम रामगढ़ से संबंधित जानकारी प्राप्त हुई। युवक ने अपना नाम सुनील कुमार भारती, पिता विनोद कुमार भारती, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम रामगढ़, थाना कोन, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश बताया। सोनभद्र पुलिस के माध्यम से पुष्टि हुई कि युवक उक्त गांव का निवासी है तथा लगभग एक माह पूर्व काम की तलाश में नोएडा गया था, जहां से वह लापता हो गया था।

पुलिस की पहल से परिवार से हुआ भावुक पुनर्मिलन

नारायणपुर पुलिस द्वारा युवक के परिजनों से दूरभाष पर संपर्क स्थापित कर उन्हें युवक के सुरक्षित होने तथा अस्पताल में उपचार कराए जाने की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर परिजन नारायणपुर पहुंचे और युवक को अपने साथ ले जाने की इच्छा व्यक्त की।

दिनांक 16.10.2026 को युवक का छोटा भाई विकास कुमार भारती थाना नारायणपुर पहुंचा। पुलिस टीम द्वारा उसकी पहचान सुनिश्चित करने के बाद युवक को जिला अस्पताल ले जाकर उसके छोटे भाई से मिलवाया गया। लंबे समय से बिछड़े दोनों भाइयों का मिलन अत्यंत भावुक क्षण रहा।

वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर किया गया सुपुर्द

चिकित्सकों द्वारा उपचार के पश्चात डिस्चार्ज किए जाने के बाद युवक को थाना नारायणपुर लाया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए सुनील कुमार भारती को उसके छोटे भाई विकास कुमार भारती के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने नारायणपुर पुलिस द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता, तत्परता एवं मानवीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। जरूरतमंद, असहाय एवं भटके हुए व्यक्तियों की सहायता करना पुलिस के मानवीय दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के आपसी समन्वय से नारायणपुर पुलिस आगे भी इसी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजन की सेवा करती रहेगी।

Related posts