राष्ट्रीय एकता दिवस पर “FIGHT AGAINST DRUGS” थीम के तहत राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली का अभिनंदन एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा “ड्रग फ्री छत्तीसगढ़” पर निर्मित जागरूकता वीडियो सॉंग का हुआ विमोचन
रायपुर पुलिस कमिश्नेट नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने हेतु विशेष हेल्पलाइन नंबर(9479211933) जारी
उड़ीसा और छत्तीसगढ़ की बाइक राइडर्स टीम का किया गया सम्मान
रायपुर : राष्ट्रीय एकता दिवस–2026 के उपलक्ष्य में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” तथा “नशामुक्त भारत, सशक्त भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से ओडिशा से निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली के रायपुर पहुँचने पर पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा विमतारा हॉल, मधु पिल्लै चौक, सिविल लाइंस में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।दिनांक 16 अक्टूबर को मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) में रैली का भव्य स्वागत किया गया था, जिसके बाद आज 17 अक्टूबर को औपचारिक अभिनंदन एवं नशामुक्ति जागरूकता सत्र आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा तथा रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ संजीव शुक्ला उपस्थित रहे। मंच पर डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, डीसीपी नॉर्थ श्रीमती दीपमाला कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक डॉ अर्चना झा तथा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के राज्य प्रमुख अनिल कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्परिणामों और सामाजिक प्रभाव पर केंद्रित एक विशेष जागरूकता वीडियो जारी किया गया साथ ही युवाओं को आकर्षित करने और जागरूक करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा तैयार किया गया आधिकारिक ड्रग फ्री छत्तीसगढ़ वीडियो सॉन्ग लॉन्च किया गया।कार्यक्रम में महिला स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), मार्शल आर्ट्स के छात्रों एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों के जरिए सहभागिता दर्ज कर जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
मुख्य संदेश एवं उद्बोधन
पुलिस आयुक्त डॉ संजीव शुक्ला:– युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “नशा करना ही है, तो जिम्मेदारी और कर्तव्यों के प्रति समर्पण का नशा करें; नशे को कहें ‘ना’।” उन्होंने नशे की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई तथा जनजागरूकता के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने समाज के सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए अवैध मादक पदार्थों पर रोक लगाने के लिए नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
विधायक पुरंदर मिश्रा:- उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर परिवार और समाज के प्रति दायित्व निभाने का आह्वान किया। साथ ही, प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 10 लोगों को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
रैली नेतृत्व दल:– ओडिशा दल के नेतृत्वकर्ता इंस्पेक्टर समर्थ तथा छत्तीसगढ़ पुलिस दल के नेतृत्वकर्ता रवींद्र गिरी ने पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के प्रति आभार व्यक्त किया और राष्ट्रीय एकता तथा नशामुक्त समाज के संकल्प को दोहराते हुए राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा नशे के विरुद्ध जनजागरूकता के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता के प्रसार में अनुकरणीय योगदान के लिए ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के बाइक राइडर्स को प्रशस्ति पत्र तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।यह सम्मान राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता तथा नशामुक्त भारत के निर्माण के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक रहा।
राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली–2026 का यह आयोजन केवल एक स्वागत समारोह नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने, राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का प्रेरणादायी प्रयास रहा।
नागरिकों से अपील एवं हेल्पलाइन नंबर
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-बिक्री या NDPS एक्ट से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की गोपनीय सूचना साझा करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है:
NDPS सूचना हेल्पलाइन: 9479211933
> “राष्ट्रीय एकता हमारी शक्ति है, युवा हमारी पूँजी हैं और नशामुक्त समाज हमारा साझा संकल्प है।”
> Drugs Free India – Stronger India | नशामुक्त भारत, सशक्त भारत।
