विवाद में तीर-धनुष का इस्तेमाल, फिर पुलिस की त्वरित कार्रवाई! नारायणपुर के ओरछा क्षेत्र में हमले के मामले में आरोपी गिरफ्तार, अब न्यायालय में पेशी।

थाना ओरछा क्षेत्र में तीर-धनुष से हमला करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना ओरछा पुलिस की कार्रवाई।

ग्राम दुलदुलपारा में हुई घटना के संबंध में अपराध दर्ज कर की गई विवेचना।

घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष जब्त, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया गया पेश।

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी छोटेडोंगर मनोज मांडवी एवं थाना प्रभारी ओरछा राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में थाना ओरछा पुलिस द्वारा तीर-धनुष से हमला करने के मामले में त्वरित वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना ओरछा क्षेत्र के ग्राम दुलदुलपारा निवासी आरोपी सोमारू पोटाई, पिता स्वर्गीय फगड़ू पोटाई, उम्र 37 वर्ष, के विरुद्ध दिनांक 15.10.2026 को हुई घटना के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान तीर-धनुष से हमला किए जाने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ओरछा पुलिस द्वारा रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 105 भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण दर्ज होने के बाद थाना ओरछा पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से संबंधित तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच की गई। विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई तथा घटना में प्रयुक्त तीर-धनुष को जब्त किया गया।

पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए आरोपी सोमरू पोटाई को दिनांक 16.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को दें। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नारायणपुर पुलिस प्रतिबद्ध है।

Related posts