सोशल मीडिया से शुरू हुई पहचान, शादी का वादा और फिर इनकार! युवती की शिकायत पर नारायणपुर पुलिस की कार्रवाई, शारीरिक शोषण के आरोप में बजरंग करंगा गिरफ्तार।

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में आरोपी बजरंग करंगा गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में थाना नारायणपुर पुलिस की कार्रवाई।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह एवं थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के नेतृत्व में थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के मामले में आरोपी बजरंग करंगा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16.10.2026 को पीड़िता द्वारा थाना नारायणपुर में उपस्थित होकर लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2025 में सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी से उसका संपर्क हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी तथा आरोपी ने पीड़िता से प्रेम एवं विवाह करने की बात कही।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, दिनांक 20.04.2025 को आरोपी पीड़िता के घर पहुंचा तथा शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी द्वारा पीड़िता को शादी करने का आश्वासन दिया जाता रहा। पीड़िता के अनुसार, बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे वह परेशान हो गई।

पीड़िता की शिकायत पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 103/2026, धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की विवेचना के दौरान पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा संबंधित तथ्यों एवं साक्ष्यों का संकलन किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी बजरंग करंगा की तलाश कर उसे अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान प्रकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। इसके पश्चात आरोपी को दिनांक 17.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

नारायणपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है।

नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़िता की पहचान एवं निजता का सम्मान करें तथा उसकी पहचान उजागर करने वाली जानकारी प्रसारित न करें।

Related posts