त्योहारों से पहले मिठाई-ब्रेड फैक्ट्रियों पर छापा, दूध में मिले कीड़े तो फैक्ट्री में घूमते दिखे चूहे! 3 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, भारी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट।

त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने संभाला मोर्चा

मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड फैक्ट्री तक छापेमारी; गंदगी और चूहों की मौजूदगी के बीच खाद्य सामग्री का निर्माण, बड़ी मात्रा में मिठाई व ब्रेड नष्ट कराने की कार्रवाई, 3 फर्मों के खाद्य लाइसेंस निलंबित

रायपुर : माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया द्वारा त्योहारों के दौरान आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के संबंध में दिए गए कड़े निर्देशों के परिपालन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को व्यापक जांच अभियान चलाया। नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल स्वयं टीम के साथ फील्ड में उतरे और बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास तथा कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री के निर्माण एवं भंडारण में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं।

जांच में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर खत्री स्वीट्स बिरगांव, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) समता कॉलोनी तथा अग्रवाल मिठाई वाला के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। तीनों प्रतिष्ठानों को संपूर्ण स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित होने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और ब्रेड सहित बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री को नष्ट कराने तथा जब्ती की कार्रवाई की गई। कई खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

खत्री स्वीट्स, बिरगांव में अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई निर्माण :- बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स के निरीक्षण के दौरान मिठाइयों का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जाना पाया गया। मिठाई निर्माण में उपयोग किए जा रहे दूध में कीड़े तैरते हुए पाए गए। इसके अलावा काजू एवं मिठाइयों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। विभागीय टीम ने यहां से काजू, बूंदी, शक्कर एवं मिल्क केक के नमूने लिए। मौके पर लगभग 80 लीटर दूध, 3 किलोग्राम केक तथा 20 किलोग्राम चमचम सहित अन्य खाद्य सामग्री के नष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

ब्रेड बास्केट में चूहों की मौजूदगी, 80 किलो ब्रेड नष्ट :- समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स (ब्रेड बास्केट) में निरीक्षण के दौरान ब्रेड निर्माण की परिस्थितियां अस्वच्छ पाई गईं। परिसर के अंदर अनेक चूहे घूमते हुए दिखाई दिए, जबकि स्टोर रूम में भी अत्यधिक गंदगी मिली। खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने के मद्देनजर विभागीय टीम ने विभिन्न प्रकार के लगभग 80 किलोग्राम ब्रेड को नष्ट कराने की कार्रवाई की।

अग्रवाल मिठाई वाला में भी मिली गंदगी :- रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास स्थित अग्रवाल मिठाई वाला के मिठाई निर्माण स्थल का निरीक्षण करने पर फर्श पर गंदगी पाई गई। टीम ने यहां से बेसन, लड्डू एवं घी के नमूने जांच के लिए लिए। साथ ही बालूशाही 100 किलोग्राम, रसगुल्ला 25 किलोग्राम, काजू खोवा 10 किलोग्राम, दूध खोवा 5 किलोग्राम, खोवा-काजू मिक्स 25 किलोग्राम तथा चाट मसाला के 4 पैकेट सहित विभिन्न खाद्य सामग्री को नष्ट कराने की कार्रवाई की गई।

बिना खाद्य अनुज्ञप्ति संचालित मिला कृष्णा स्वीट्स :- कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के संचालित पाया गया। यह प्रतिष्ठान विभिन्न प्रकार की पैक्ड मिठाइयों की ट्रेडिंग का कार्य करता है। विभागीय टीम ने यहां से कुन्दा एवं मैसूर पाक के नमूने लिए। इसके अतिरिक्त डिलिशियस स्वीट्स 720 किलोग्राम, मैसूर पाक 112 किलोग्राम तथा कुन्दा 3960 किलोग्राम जब्त किया गया।

खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग सख्त :- नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी एवं सचिव के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक तीनों निलंबित प्रतिष्ठान संपूर्ण हाइजीन नॉर्म्स को पूरा नहीं करते, उनका संचालन बंद रहेगा। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

Related posts