नाकेबंदी एवं अड्डेबाजी चेकिंग अभियान में 23 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, आर्म्स एक्ट के दो प्रकरणों में दो आरोपी भी गिरफ्तार
रायपुर : दिनांक 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हांकित स्थानों पर नाकेबंदी एवं चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इसी क्रम में मध्य जोन में डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी एवं अवांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना तेलीबांधा क्षेत्र के देवार डेरा, थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर एवं चांदनी चौक के आसपास सहित मध्य जोन के समस्त थाना क्षेत्रों में चिन्हांकित स्थानों पर चेकिंग की गई। विशेष रूप से बीएसयूपी कॉलोनियों एवं राजीव आवास कॉलोनियों के आसपास के अंधेरे एवं सुनसान इलाकों, गलियों तथा खुले स्थानों पर अड्डेबाजी की चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने पैदल पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों से पूछताछ एवं उनकी पहचान की तस्दीक की।
इस दौरान 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ एवं तस्दीक की गई। इनमें से कुल 23 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, कोतवाली के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त थाना देवेन्द्र नगर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उदय उर्फ ओम मिश्रा, पिता विजय प्रकाश मिश्रा, उम्र 19 वर्ष, निवासी पंडरीतराई तथा क्रिश ध्रुवंसी, पिता अश्वनी ध्रुववंशी, उम्र 20 वर्ष, निवासी मंडी गेट के सामने, सिविल लाइन को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए नाकेबंदी, पैदल पेट्रोलिंग एवं अड्डेबाजी चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
