रेलवे कर्मचारियों के हितों पर बड़ा मंथन, DRM राकेश रंजन की अध्यक्षता में दो दिवसीय पीएनएम बैठक संपन्न, 85 प्रमुख और 11 विशेष मुद्दों पर हुई चर्चा, कई मांगों पर बनी सहमति, साइडिंग माइलेज देने पर भी लगी मुहर

डीआरएम राकेश रंजन की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय पीएनएम बैठक सफलतापूर्वक संपन्न ।

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में दिनांक 05 एवं 06 नवम्बर 2026  को मंडल स्तर पर दो दिवसीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशियेशन मशीनरी) बैठक संपन्न हुई । बैठक का उद्देश्य रेलवे संगठन के मान्यता प्राप्त संगठनों के प्रतिनिधियों एवं प्रबंधन के मध्य विचार विमर्शों के द्वारा संगठन की उत्पादकता एवं कार्यप्रणाली में गुणात्मक सुधार लाना होता है । इस पीएनएम बैठक की अध्यक्षता डीआरएम राकेश रंजन द्वारा की गई। बैठक में एडीआरएम जे एस मीना, के श्रीनिवास भी उपस्थित थे | बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ अंशुमान मिश्रा द्वारा किया गया। बैठक में शाखाधिकारियों के अलावा साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री सहित बी कृष्णकुमार, लक्ष्मण राव, आर के यादव सहित सभी शाखा सचिव शामिल हुये। 

इस बैठक में मान्यता प्राप्त संगठन रेलवे मजदूर कांग्रेस द्वारा उठाए गए  कर्मचारी हित के सभी 85 एवं 11 स्पेशल मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान रेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे पदोन्नति, कर्मचारियों का पुनःतैनाती (रिडिप्लोयमेंट), कार्यस्थल की सुविधाएं, कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्यस्थल में ही स्वास्थ्य सेवाएं की उपलब्धता, आवासीय सुविधाएं एवं अन्य कल्याणकारी नीतियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया । विचार-विमर्श व सहमति पश्चात अनेक मुद्दों को क्लोज भी किया गया। साथ ही साईडिंग माइलेज प्रदान करने पर भी सहमति बनी | बैठक बहुत ही सकारात्मक एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपंन हुई। 

पीएनएम बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एवं डीआरएम राकेश रंजन ने मान्यता प्राप्त संगठन साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस के पदाधिकारियों को रेल कर्मचारियों से जुड़े समस्याओं को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद दिया व कहा कि रेल प्रशासन सभी कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है । हम सभी कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल में बेहत्तर सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध हैं । मजदूर कांग्रेस द्वारा रेल कर्मचारियों के कल्याण से संबन्धित उठाए गए सभी मुद्दो पर विधिसम्मत कार्रवाई पर ज़ोर देते हुए उन्होने आश्वस्त किया कि रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी । साथ ही उन्होने बैठक में उठाये गये सभी मुद्दों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किए ।

Related posts