जशपुर में बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने की बड़ी तैयारी, 140 प्रतिभागियों को दिया गया प्रशिक्षण, अब स्व सहायता समूहों को ऋण दिलाने से लेकर वित्तीय सशक्तीकरण तक बदलेगी तस्वीर!

जशपुर में बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन

बिहान योजना के वित्तीय पहलुओं पर 140 प्रतिभागियों को दिया गया प्रशिक्षण

जशपुर : जिला पंचायत जशपुर के सभागार में बिहान योजना अंतर्गत बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में लगभग 140 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य बैंकर्स एवं फील्ड स्टाफ को बिहान योजना से जुड़े वित्तीय पहलुओं की जानकारी प्रदान कर उनके कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना था।

कार्यशाला में बिहान योजना की अवधारणा, स्व सहायता समूह, क्रेडिट लिंकेज, इंटरप्राइज फाइनेंस, बीसी सखी मॉडल, बीमा योजनाएं, एनपीए निराकरण एवं कमेटी की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान मुद्रा ऋण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधकों श्रीमती प्रियंका खेस, श्री रॉबिनसन केरकेट्टा, श्री गजेश कुमार शर्मा एवं श्री शशिकांत भगत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला में बीसी सखी की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को स्व सहायता समूहों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, समूहों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण में सहयोग करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला के माध्यम से बैंकर्स एवं फील्ड स्टाफ को बिहान योजना के वित्तीय गतिविधियों की बेहतर समझ विकसित करने तथा स्व सहायता समूहों को बैंकिंग सुविधाओं एवं ऋण सहायता से जोड़ने में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Related posts