रेलवे स्टेशनों पर कचरा फैलाने वालों को दिया गया स्वच्छता का संदेश! ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के अंतिम दिन बिलासपुर मंडल में चला विशेष जागरूकता अभियान, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर जोर

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’के अंतिम दिन कचरा प्रबंधन पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित।

 डिजिटल डिस्प्ले, पोस्टरों एवं उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम कचरे का उचित निष्पादन एवं पृथक्करण अपनाने का दिया गया संदेश ।

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 01 से 07 नवम्बर 2026 तक आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ के अंतिम दिन मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर कचरा प्रबंधन, उचित निस्तारण एवं पृथक्करण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के अंतर्गत मंडल के सभी स्टेशनों पर सफाई मित्रों एवं रेल कर्मचारियों की संयुक्त सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित तरीके से निस्तारण करने तथा गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्हें रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

यात्रियों तक स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए स्टेशनों पर डिजिटल डिस्प्ले, जागरूकता पोस्टरों एवं उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से कचरे के उचित प्रबंधन, पृथक्करण एवं पर्यावरण अनुकूल निस्तारण से संबंधित संदेश प्रसारित किए गए। इसके साथ ही यात्रियों को कचरे को इधर-उधर न फेंकने तथा निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान कचरे को कम करने, उपयोगी वस्तुओं का पुनः उपयोग करने तथा कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने अर्थात् ‘रिड्यूस, रीयूज एवं रीसायकल’ की अवधारणा को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। रेलकर्मियों, सफाईमित्रों एवं यात्रियों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया गया।

Related posts