रात में हुआ विवाद, सुबह कमरे में खून से लथपथ मिली महिला की लाश! ग्राम रवान में डंडे से बेरहमी से पीटकर की गई हत्या, बलौदाबाजार पुलिस ने 59 वर्षीय आरोपी को दबोचा

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आपसी विवाद में डंडे से पीटकर महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

आपसी कलह के चलते डंडे से बेरहमी से मारपीट कर महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर धर दबोचा

ग्राम रवान में पति-पत्नी की तरह रह रहे आरोपी घनसाय विश्वकर्मा ने मृतिका रेवती जायसवाल को मारपीट कर मौत के घाट उतारा

घटना में प्रयुक्त डंडा, खून से सना गिलास एवं आरोपी के खून के धब्बे वाले कपड़े आदि जब्त

बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल नर्देशन एवं मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों और हत्या जैसी वारदातों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रवान में आपसी कलह के चलते डंडे से बेरहमी से मारपीट कर महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर धर दबोचा है. 

घटना का संक्षिप्त विवरण:- ​प्रार्थी नारायण यादव पिता फिरत यादव, उम्र 39 वर्ष, निवासी- वार्ड क्र. 20, ग्राम रवान द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि ग्राम रवान में उसके दुकान नंबर 01 में घनसाय विश्वकर्मा एवं उसके साथ रेवती जायसवाल पिछले सात साल से पति-पत्नी की तरह साथ रह रही थी। ​दोनों के बीच आए दिन आपसी लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। दिनांक 11.11.2026 की रात में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दिनांक 12.11.2026 को सुबह करीब 09:00 बजे पता चला कि आरोपी घनसाय विश्वकर्मा ने रेवती जायसवाल को डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। प्रार्थी ने इसकी सूचना सरपंच, थाना और वार्ड पंच को दी तथा मौके पर जाकर देखने पर पाया कि रेवती जायसवाल कमरे में खून से लथपथ मृत हालत में पड़ी हुई थी। 

पुलिस कार्रवाई एवं गिरफ्तारी:- ​प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्र. 945/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। ​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर मर्ग इंटीमेशन दर्ज किया, गवाहों के कथन लिए तथा शव पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय बलौदाबाजार भिजवाया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य के रूप में खून, घटना में प्रयुक्त डंडा, तथा खून से सना गिलास आदि विधिवत जब्त किया गया। ​त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपी घनसाय विश्वकर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना के समय पहने हुए उसके खून लगे कपड़ों को भी बतौर सबूत जब्त किया गया। ​पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को दिनांक 12.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। 

आरोपी- घनसाय विश्वकर्मा पिता खोजू राम विश्वकर्मा, उम्र 59 वर्ष, निवासी- ग्राम रवान, थाना सिटी कोतवाली

Related posts