सफलता की कहानी: चुप रहने वाली दीदी बनीं गांव की आवाज
अचार के कारोबार से बनीं लखपति दीदी
समूह से जुड़कर नीलम अवस्थी ने बदली अपनी जिंदगी,
आत्मनिर्भरता के साथ समाज सेवा में भी निभा रहीं अहम भूमिका
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है महिलाओं को विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है।
इसी कड़ी में फरसाबहार विकासखंड के छोटे से गांव पेटामारा (अंकिरा) की नीलम अवस्थी की कहानी महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की एक प्रेरक मिसाल है।
कभी लोगों के सामने अपनी बात रखने से झिझकने वाली नीलम आज गांव की बैठकों में बेबाकी से अपनी बात रखती हैं। अचार निर्माण का व्यवसाय संचालित करने के साथ ही वे स्कूल में मध्यान्ह भोजन संचालन की जिम्मेदारी निभा रही हैं और नशामुक्ति अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही हैं।
नीलम अवस्थी के जीवन में बदलाव की शुरुआत जनवरी 2019 में हुई जब वे बिहान योजना के अंतर्गत रोहिणी स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं और समूह की सचिव बनीं।
शुरुआत में बैठकों में शामिल होने और समूह की गतिविधियों को समझने से उन्होंने अपनी नई यात्रा शुरू की।
धीरे-धीरे बचत, ऋण, हिसाब-किताब और आजीविका संबंधी प्रशिक्षण से उन्हें नई जानकारी और अनुभव मिला।
समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर काम करने और एक-दूसरे का सहयोग करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया।
बैंक लिंकेज और सीआईएफ राशि से बढ़ाया अचार का व्यवसाय:- समूह के माध्यम से नीलम को बैंक लिंकेज के तहत 30 हजार रुपये तथा सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के रूप में 1 लाख 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली।
उन्होंने इस राशि का उपयोग अपने अचार निर्माण व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया। आम, अदरक, लहसुन और करेला जैसे विभिन्न प्रकार के अचार तैयार कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
उनके उत्पादों को लोगों ने पसंद किया और धीरे-धीरे मांग भी बढ़ने लगी।:- इसके साथ ही स्कूल में मध्यान्ह भोजन संचालन के कार्य से उन्हें नियमित आमदनी प्राप्त होने लगी। आज इन गतिविधियों के माध्यम से नीलम अवस्थी सालाना लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।
उनकी मेहनत और आर्थिक आत्मनिर्भरता ने उन्हें गांव में लखपति दीदी के रूप में पहचान दिलाई है।
आत्मविश्वास ने बनाया समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत:- नीलम के जीवन में बदलाव केवल आर्थिक रूप से ही नहीं आया, बल्कि उनके व्यक्तित्व में भी उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। विधानसभा भ्रमण के अवसर ने उनके अनुभव और सोच को नई दिशा दी। इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास और बढ़ा तथा उन्हें यह एहसास हुआ कि ग्रामीण महिलाएं भी अपनी प्रतिभा और क्षमता के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।
आज वे नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए ग्रामीणों को जागरूक करती हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की मदद करने में भी आगे रहती हैं। उनकी सक्रियता से गांव की अन्य महिलाएं भी प्रेरित होकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने और आजीविका गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रोत्साहित हो रही हैं।
बिहान योजना ने दिया आत्मनिर्भरता का नया रास्ता:- नीलम अवस्थी का मानना है कि जब महिलाएं एकजुट होकर आगे बढ़ती हैं, तो उनके लिए सफलता की राह आसान हो जाती है। स्वयं सहायता समूह ने उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ-साथ सीखने, आगे बढ़ने और समाज में अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया। वे अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़कर बचत करने, प्रशिक्षण लेने और स्वरोजगार अपनाने की सलाह देती हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से नीलम जैसी अनेक महिलाओं को नई पहचान मिल रही है।
नीलम अवस्थी की सफलता की कहानी बताती है कि सही मार्गदर्शन, सामूहिक प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति से ग्रामीण महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव की अगुवाई भी कर सकती हैं। कभी अपनी बात कहने से झिझकने वाली नीलम आज पूरे गांव के लिए प्रेरणा और बदलाव की आवाज बन चुकी हैं।
