रायपुर की सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन! विशेष चेकिंग अभियान में 449 वाहन चालकों पर ई-चालान, मॉडिफाइड साइलेंसर से लेकर काली फिल्म और तीन सवारी तक पर कसा शिकंजा

रायपुर कमिश्नरेट यातायात द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 449 वाहनों पर ई-चालानी कार्रवाई,

रायपुर : आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से दिनांक 13 नवंबर 2026 को रायपुर कमिश्नरेट यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

यह अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान के तहत यातायात के विभिन्न थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष चेकिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत 449 ई-चालानी कार्रवाई की गई।

विशेष चेकिंग अभियान के दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई—

बिना नंबर प्लेट एवं नंबर प्लेट में छेड़छाड़ (नंबर टेम्परिंग)।

वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग, जिससे ध्वनि प्रदूषण होता है।

दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाना।

लापरवाहीपूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाना।

चारपहिया वाहनों में प्रतिबंधित काली फिल्म लगाना।

बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना।

ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक एवं बगल में सवारी बैठाना।

नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करना।

यातायात संकेतों एवं अन्य नियमों का उल्लंघन।

विशेष अभियान के दौरान तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भाठागांव, टाटीबंद, भनपुरी, पंडरी, फाफाडीह, शारदा चौक एवं कालीबाड़ी यातायात थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग करते हुए कुल 449 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से चालानी कार्रवाई की गई तथा ITMS (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान जारी किए गए।

यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील:- रायपुर कमिश्नरेट यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

समस्त वाहन चालकों से अपील है कि अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाएं, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रतिबंधित काली फिल्म का उपयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी न बैठाएं, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें।

यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है।

आपकी थोड़ी सी सावधानी, किसी की जिंदगी बचा सकती है।

रायपुर कमिश्नरेट यातायात पुलिस

Related posts