गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे 02 आरोपी गिरफ्तार
कब्जे से 1.873 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 93,650/- रूपये जप्त
एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
रायपुर : दिनांक 13.11.2026 को एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड नंबर 01 स्थित मुक्तिधाम पास दो व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री करने की फिराक में हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्तियों को चिन्हांकित किया गया। पुलिस टीम द्वारा व्यक्तियों से पूछताछ करने का प्रयास किए जाने पर वह भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम गणेश राम पटेल एवं शेरा कुल्हरिया निवासी देवारपारा तेलीबांधा का होना बताया। पुलिस टीम द्वारा उनके पास रखे बोरी की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ।
आरोपी गणेश राम पटेल एवं शेरा कुल्हरिया को गिरफ्तार कर कब्जे से कुल 1.873 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 93,650/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 508/26 धारा 20 (बी) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों तथा फॉरवर्ड लिंकेज के माध्यम से गांजे की बिक्री करने वाले संभावित खरीदारों एवं अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी :-
01. गणेश राम पटेल पिता छवि लाल पटेल उम्र 55 साल निवासी सुभाष नगर देवार पारा थाना तेलीबांधा रायपुर।
02. शेरा कुल्हरिया पिता कोंदा कुल्हरिया उम्र 30 साल निवासी सुभाष नगर देवार पारा थाना तेलीबांधा रायपुर
