रायपुर ग्रामीण क्षेत्रांतर्गत थानों के एन.डी.पी.एस. प्रकरणों में जप्त प्रतिबंधित मादक पदार्थों का सिलतरा स्थित जायसवाल Neco प्लांट में किया गया नष्टीकरण
रायपुर : आज दिनांक 16.11.2026 को रायपुर ग्रामीण के विभिन्न थानों में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत पंजीबद्ध प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थों का अधिनियम में निहित प्रावधानों, न्यायालय के आदेशों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधिसम्मत नष्टीकरण किया गया।
उपरोक्त नष्टीकरण की कार्यवाही में केन्द्र सरकार, गृह मंत्रालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के दिशा-निर्देशों एवं एन.डी.पी.एस. एक्ट में निहित प्रावधानों के अनुरूप गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा पुलिस अधीक्षक श्रीमति श्वेता श्रीवास्तव सिंहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र श्रीवास्तव, उपायुक्त आबकारी रायपुर डॉ. प्रवीण वर्मा तथा थाना प्रभारियों की उपस्थिति में जायसवाल Neco प्लांट, सिलतरा में नष्टीकरण की कार्यवाही संपादित की गई।
उक्त नष्टीकरण की कार्यवाही में रायपुर ग्रामीण के थानों से जप्त 234 किलोग्राम गांजा, 326 नग प्रतिबंधित टेबलेट तथा 12 ग्राम MDMA को जनसामान्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्यावरणीय मानकों एवं प्रचलित वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए जायसवाल निको प्लांट, सिलतरा के फर्नेस में विधिवत् नष्ट किया गया।
रायपुर (ग्रामीण)पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जप्त मादक पदार्थों का समयबद्ध एवं विधिसम्मत नष्टीकरण अवैध मादक पदार्थों की पुनः अवैध उपयोग की संभावना को समाप्त करने तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
