सूने मकान में लाखों रुपये की चोरी करने वाला फरार आरोपी अजय धनकर गिरफ्तार, चोरी के अन्य मामलों का भी हुआ खुलासा, पूर्व में 04 आरोपी एवं 02 अपचारी बालक किए जा चुके हैं गिरफ्तार
ग्राम डुण्डेरा के कचरू नगर स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 1.60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी की गई थी।
तकनीकी साक्ष्य एवं लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने प्रकरण के फरार आरोपी अजय धनकर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा बंद मकान की रेकी कर सुनियोजित तरीके से पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया गया।
चोरी के सामान को अलग-अलग व्यक्तियों को बेचने तथा बिक्री से प्राप्त रकम आपस में बांटकर खर्च करने का खुलासा हुआ।
प्रकरण में पूर्व में 04 आरोपियों एवं 02 अपचारी बालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। फरार आरोपी अजय धनकर को दिनांक 16.11.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
दुर्ग : थाना उतई क्षेत्र के ग्राम डुण्डेरा स्थित कचरू नगर में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के प्रकरण में फरार आरोपी अजय धनकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विवेचना के दौरान चोरी की संपत्ति को बेचने एवं अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी सामने आई। प्रकरण में पूर्व में अन्य आरोपियों एवं अपचारी बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
दिनांक 09.10.2026 को प्रार्थी सदीश कुमार, उम्र 46 वर्ष, निवासी कचरू नगर, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके भाई आनंदु सुकुमारन का मकान कचरू नगर, सरस्वती मंच के पास स्थित है। उनके भाई के विदेश में रहने तथा परिवार के अन्यत्र निवासरत होने के कारण मकान लंबे समय से बंद था।
दिनांक 07-08.10.2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों द्वारा मकान के पीछे स्थित किचन का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया गया तथा घर में रखे एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वाशिंग मशीन, पंखे, घरेलू उपयोग की अन्य सामग्री, सोने के आभूषण एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित लगभग 1,60,000 रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 501/2026, धारा 305, 331(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान थाना उतई पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर 03 वयस्क आरोपियों एवं 02 अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई की गई थी। पूछताछ एवं प्राप्त जानकारी के आधार पर चोरी के सामान को खरीदने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
प्रकरण में फरार आरोपी अजय धनकर की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम द्वारा पतासाजी कर उसे दिनांक 16.11.2026 को गिरफ्तार किया गया तथा वैधानिक कार्रवाई के पश्चात न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका):- आरोपियों द्वारा ऐसे मकानों की पहचान कर रेकी की जाती थी, जो लंबे समय से बंद रहते थे। इसके बाद रात्रि के समय मकान के पीछे के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे तथा घर में रखे कीमती सामान एवं घरेलू उपयोग की सामग्री चोरी कर अलग-अलग व्यक्तियों को बेच देते थे। चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम आपस में बांटकर खर्च कर देते थे।
घटना स्थल:- कचरू नगर, सरस्वती मंच के पास, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
आरोपी का नाम:- अजय धनकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी कचरू नगर, ग्राम डुण्डेरा, थाना उतई, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री:- प्रकरण की पूर्ववर्ती कार्रवाई में चोरी के शेष सामान एवं बिक्री से प्राप्त 58,500 रुपये की राशि दुरपत धनकर के घर से बरामद की गई थी। चोरी के सामान में प्रमुख रूप से फ्रिज, वाशिंग मशीन, सीलिंग पंखा, लैपटॉप, सोने के आभूषण एवं अन्य घरेलू सामग्री शामिल हैं।
सराहनीय कार्य:- उक्त कार्रवाई में थाना उतई पुलिस की टीम द्वारा लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण एवं आरोपियों की तलाश में किए गए प्रयासों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। प्रकरण की विवेचना एवं कार्रवाई में थाना उतई के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने मकान को लंबे समय के लिए सूना छोड़ते समय आसपास के विश्वसनीय पड़ोसियों एवं संबंधित थाना पुलिस को इसकी जानकारी अवश्य दें। घर की सुरक्षा के लिए दरवाजों एवं खिड़कियों को सुरक्षित रखें तथा संभव हो तो सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
