250 विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का पाठ, रायपुर में ट्रैफिक पुलिस ने संभाली जागरूकता की कमान! हेलमेट, सीट बेल्ट और रेड लाइट के नियमों के साथ बच्चों को दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

रायपुर : रायपुर कमिश्नरेट के यातायात विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से महादेव घाट रोड स्थित ए.के. गोयल स्कूल में यातायात जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यातायात विभाग एवं उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, भाटागांव के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें लगभग 250 विद्यार्थी लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसीपी यातायात श्रीमती सीमा अहिरवार, थाना प्रभारी टाटी बंध भुनेश्वर साहू, उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. नम्रता सिंह एवं मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विनोद सिंह उपस्थित रहे।

1. यातायात जागरूकता पर विशेष मार्गदर्शन

एसीपी यातायात श्रीमती सीमा अहिरवार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट की अनिवार्यता, रेड लाइट का पालन, जेब्रा क्रॉसिंग का सही उपयोग तथा सड़क पर सुरक्षित आवागमन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण यातायात नियमों के प्रति लापरवाही है। छोटी-सी असावधानी भी किसी के जीवन को संकट में डाल सकती है। अतः प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।

2. मोटरयान अधिनियम एवं यातायात नियमों की जानकारी

थाना प्रभारी टाटी बंध भुनेश्वर साहू द्वारा विद्यार्थियों को मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर निर्धारित दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी गई।

उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय बताते हुए स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने अभिभावकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

3. जागरूकता पत्रिका का विमोचन

इस अवसर पर यातायात विभाग एवं उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा संयुक्त रूप से तैयार की गई जागरूकता पत्रिका का विमोचन भी किया गया। पत्रिका में बच्चों के स्वास्थ्य, सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में उपयोगी जानकारियां शामिल की गई हैं।

रायपुर कमिश्नरेट का यातायात विभाग इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने तथा सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Related posts