प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और महानायकों को दिलाई नई पहचान : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
वित्त मंत्री ने सरना एथेनिक रिजॉर्ट बालछापार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में जनजातीय समाज के वीर शहीदों के परिजनों और समाज प्रमुखों को किया सम्मानित
क्रिकेट में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने वाली जशपुर की बेटियो को किया सम्मानित, सांस्कृतिक दलों को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा
जशपुर : भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय अस्मिता के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आज सरना एथेनिक रिजॉर्ट बालछापार में जनजातीय गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी और समाज के उत्थान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय महानायकों को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के लिए बलिदान देने वाले जनजातीय सैनिक के परिजनों और विभिन्न आदिवासी समाजों के प्रमुखों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और महानायकों को देशभर में नई पहचान दिलाई है। आज जनजातीय गौरव दिवस केवल आदिवासी समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के सभी वर्गों के लोग इसे उत्साह और सम्मान के साथ मना रहे हैं। जनजातीय समाज के महानायकों ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति के रूप में आसीन हुईं। वहीं आदिवासी समाज के बेटे श्री विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाकर एक ऐतिहासिक अवसर दिया गया। यह पूरे जशपुर और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि आदिवासी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जशपुर की माटी से आते हैं। श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय ने लगभग 20 वर्षों तक रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व किया है। वे सहज, सरल और सज्जन व्यक्तित्व के धनी हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उन पर विश्वास जताते हुए प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर अंचल में विकास को मिली गति
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़कों का निर्माण हो रहा है और भारतमाला परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। जशपुर अंचल में रेल लाइन का सपना भी अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, जशपुर में नालंदा परिसर और वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में एनटीपीसी के सीएसआर मद से आधुनिक अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों से जशपुर अंचल की तस्वीर बदल रही है।

छोटे गांव से निकलकर आईएएस बन सकता है जशपुर का युवा
युवाओं की शिक्षा और भविष्य पर जोर देते हुए श्री चौधरी ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में प्रयास विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को आईआईटी, मेडिकल, सीए और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश की तैयारी निःशुल्क कराई जा रही है। जशपुर में स्थापित हो रहा नालंदा परिसर भी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय अध्ययन का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि जनजातीय विभाग के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए लगभग 3.5 से 4 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। अपने जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे एक छोटे से गांव से निकलकर 22 वर्ष की उम्र में आईएएस बने। उन्होंने कहा कि जब चौथी कक्षा तक पढ़ी मां अपने बेटे को इस मुकाम तक पहुंचा सकती हैं, तो जशपुर के बच्चे भी कलेक्टर, एसपी, डॉक्टर और इंजीनियर क्यों नहीं बन सकते। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
जनजातीय संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने की पहल
श्री चौधरी ने कहा कि जनजातीय समाज की सभ्यता, संस्कृति, परंपराओं और महानायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। सकारात्मक सोच के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए समाज को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा दी गई आकर्षक प्रस्तुतियों की सराहना की। साथ ही प्रत्येक सांस्कृतिक दल को 10-10 हजार रुपये की स्वेच्छानुदान राशि प्रदान करने की घोषणा की।
विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कुरुख बोली में गीत के माध्यम से किया जनजातीय वीरों का स्मरण
विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने भगवान बिरसा मुंडा के कृतित्व, व्यक्तित्व, जीवन संघर्ष और देश एवं समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने स्थानीय कुरुख बोली में गीत के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू मुर्मू, तिलका मांझी, वीर बुधु भगत और शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक जनजातीय महानायकों के बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही कुरुख बोली में ही गीत के माध्यम से जिले मे धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा नई रेल लाइन परियोजना की स्वीकृति और रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत सड़क निर्माण सहित क्षेत्र में हो रही विकास की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कुमार बेसरा ने भी भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके जीवन संघर्ष, व्यक्तित्व और देश एवं समाज के प्रति योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पहाड़ी कोरवाओं और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली बेटियों का सम्मान
कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोगों से वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने आत्मीय मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली जशपुर जिले की बेटियों को भी सम्मानित किया। अंडर-17 और अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में चयनित बेटियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ने मुद्रा लोन योजना के अंतर्गत श्रीमती शकुंतला सिंह को एक लाख रुपये तथा श्रीमती सुमित्रा बेसरा और श्रीमती बंधनी बाई को व्यवसाय शुरू करने के लिए दो-दो लाख रुपये के ऋण के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। कार्यक्रम में पद्म श्री सम्मानित जागेश्वर यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, राम गर्ग, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, भरत सिंह, कृष्ण कुमार राय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न जनजातीय समाजों के प्रमुख, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
