धान के अवैध परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, करपावंड-मटनार के बीच पकड़ी गई 24 क्विंटल धान से भरी पिकअप; दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन समेत धान जब्त

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

24 क्विंटल धान से भरी पिकअप जब्त

जगदलपुर : अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश अनुसार करपावंड और मटनार के मध्य जांच दल ने अवैध रूप से धान ले जा रहे एक पिकअप वाहन को पकड़कर जब्त किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पिकअप क्रमांक सीजी 07 एटी 0484 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 60 बोरी (कुल वजन 24 क्विंटल) धान लोड पाया गया। वाहन चालक द्वारा धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर इसे अवैध परिवहन माना गया। प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत धान सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना करपावंड की सुपुर्दगी में सौंप दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर, जिला विपणन अधिकारी राजेंद्र ध्रुव, मंडी निरीक्षक वीरेंद्र दिल्लीवार शामिल रहें। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि अवैध धान की आवक को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी की जा रही हैं।

Related posts