धान के अवैध कारोबार पर जगदलपुर प्रशासन की बड़ी सर्जिकल कार्रवाई, मूली गांव में घर और गोदाम पर अचानक दी दबिश; 276 बोरियों में छिपाकर रखा गया 110 क्विंटल धान बरामद, दस्तावेज नहीं मिलने पर पूरी खेप जब्त

अवैध धान भंडारण पर हुई कार्रवाई

ग्राम पंचायत मूली में 110 क्विंटल धान जब्त

जगदलपुर : कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण और बिचैलियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को ग्राम पंचायत मूली में एक बड़ी छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासन को मिली सूचना के आधार पर टीम ने शंकर उमर वैश्य के घर और गोदाम पर दबिश दी, जहाँ अवैध रूप से भंडारित की गई 276 बोरी धान का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ।

इस दौरान मौके पर की गई तौल में इस धान का कुल वजन 110 क्विंटल पाया गया। भंडारण के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत पूरे 110 क्विंटल धान को विधिवत जब्त कर लिया।

इस पूरी कार्रवाई में खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर, जिला विपणन अधिकारी राजेंद्र धु्रव, मंडी निरीक्षक वीरेंद्र दिल्लीवार प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रशासन की इस औचक और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध धान का कारोबार करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं इन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और परिवहन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Related posts