प्राथमिक शाला छरछेद में वीबी-जी राम जी योजना से बना जिले का पहला बालिका शौचालय
छात्राओं ने इसे बताया स्वाभिमान का प्रतीक,स्कूल में सुविधा मिलने से चेहरे पर आई खुशी
बलौदाबाजार भाटापारा : जिले के शासकीय स्कूलों में बालिकाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी स्वच्छता एवं गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई है। इसी कड़ी में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कसडोल विकासखंड के प्राथमिक शाला छरछेद में जिले का पहला बालिका शौचालय निर्मित कराया गया है। विद्यालय परिसर में बालिका शौचालय की सुविधा मिलने से छात्राओं में खुशी का माहौल है। छात्राओं ने इसे अपने सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक बताया है।
विद्यालय के शिक्षकों एवं ग्राम के सरपंच ने बालिकाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय निर्माण कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को काफी सहूलियत मिलेगी तथा स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
उल्लेखनीय है कि वीबी-जी राम जी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ग्राम पंचायतों में टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना, जल सुरक्षा को सुदृढ़ करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाना है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी बढ़ावा मिल रहा है।
