महुआ में छिपी कमाई की संभावनाओं को मिला नया रास्ता! रागी-बाजरे से बनेंगे कुकीज, केक और ब्रेड, 38 ग्रामीणों ने सीखी बेकरी की ऐसी तकनीक, जो बदल सकती है गांवों की आर्थिक तस्वीर!

महुआ में मिलेट बेकरी प्रशिक्षण से ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा

38 प्रतिभागियों ने सीखे बेकरी उत्पाद बनाने के गुर

जशपुर : ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय कृषि उपज के मूल्य संवर्धन, खाद्य प्रसंस्करण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से NIFTEM-कुंडली की टीम द्वारा ग्राम अंगीकरण कार्यक्रम

 के अंतर्गत महुआ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिलेट आधारित बेकरी उत्पादों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरे दिन सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण में 38 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मिलेट से विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार करने की जानकारी एवं व्यावहारिक कौशल प्राप्त किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रो. प्रसन्ना कुमार जी. वी. एवं डॉ. अभिमन्यु गौड़ ने किया। इस अवसर पर जय जंगल फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के श्री समर्थ जैन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला पंचायत जशपुर के श्री भरत लाल पटेल‌ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

 मिलेट के पोषण एवं स्वास्थ्य लाभों की दी जानकारी

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रागी, बाजरा, ज्वार सहित विभिन्न मिलेट के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। बताया गया कि मिलेट में आहार फाइबर, प्रोटीन, खनिज तत्व एवं विभिन्न जैव सक्रिय यौगिक पाए जाते हैं, जो संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

इनके सेवन से पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने, लंबे समय तक तृप्ति का अनुभव करने तथा समग्र स्वास्थ्य को लाभ मिल सकता है।

कुछ मिलेट किस्मों का ग्लाइसेमिक प्रभाव अपेक्षाकृत कम होने के कारण संतुलित आहार में इनका समावेश रक्त शर्करा प्रबंधन में भी सहायक हो सकता है।

वहीं, मिलेट प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-मुक्त होने के कारण ग्लूटेन से परहेज करने वाले लोगों के लिए भी इनसे तैयार खाद्य उत्पाद उपयोगी विकल्प हो सकते हैं।

 कुकीज, बिस्किट, केक और ब्रेड बनाने से बढ़ेंगे नए अवसर

प्रशिक्षण में बताया गया कि छत्तीसगढ़ एवं विशेषकर जशपुर जिले में उपलब्ध मिलेट का उपयोग पारंपरिक खाद्य पदार्थों के साथ-साथ आधुनिक बेकरी उत्पादों के निर्माण में भी किया जा सकता है। रागी, बाजरा एवं अन्य मिलेट से कुकीज, बिस्किट, केक, ब्रेड सहित विविध उत्पाद तैयार कर स्थानीय उपज को नए बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है।

पौष्टिक एवं पारंपरिक खाद्य विकल्पों के प्रति उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि मिलेट आधारित उत्पादों के लिए बाजार की संभावनाएं बढ़ा रही है। स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना से कृषि उपज का बेहतर उपयोग, मूल्य संवर्धन और ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे उद्यमों को विकसित करने का अवसर मिलेगा।

 महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए स्वरोजगार की राह

मिलेट आधारित बेकरी प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं किसानों के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता की नई राह खोल सकता है। स्थानीय स्तर पर उत्पाद निर्माण एवं विपणन से रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ किसानों को अपनी उपज के लिए अतिरिक्त बाजार भी मिल सकता है।

NIFTEM-कुंडली की टीम द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण ग्रामीण समुदायों को खाद्य प्रसंस्करण का व्यावहारिक ज्ञान, नए उत्पाद तैयार करने का कौशल एवं उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा मिलने के साथ जशपुर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाएं भी विकसित होंगी।

Related posts