महावीर जयंती पर कुनकुरी नगर में निकली शोभायात्रा : अहिंसा, शाकाहार व भाईचारे का दिया संदेश

समदर्शी न्यूज़, कुनकुरी

नगर के दिगम्बर जैन धर्मावलम्बियों द्वारा 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। जीओं और जीने दो का संदेश देने वाले भगवान महावीर स्वामी की जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रातः झण्डारोहण कर इस मंगलमय अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया साथ ही मंगल पाठ किया गया।

झण्डारोहण के उपरांत दैनिक श्रृंखला में जलाभिषेक किया गया। जिसके बाद शांती धारा की गई जिसमें समाज, नगर एवं देश की शांती के लिये मंत्रोच्चारण किया गया जिसमें समाज के सभी वर्ग के लोग सम्मिलित हुए। मंदिर जी के प्रांगण में स्थित मान स्तम्भ में चतुर्दिशा में विराजीत भगवान महावीर का अभिषेक किया गया।

श्री 1008 महावीर भगवान की शोभयात्रा नगर में निकाली गई जिसमें सभी पुरूष, महिलाएं एवं बच्चे विशेष परिधान में सम्मिलित हुए। इस शोभयात्रा ने नगर का भ्रमण किया। नगर भ्रमण के दौरान रथ में विराजीत भगवान महावीर के स्वागत के लिये श्रद्धालुओं द्वारा घरो के बाहर रंगोली बनाई गई थी। नगर भ्रमण के उपरांत शोभायात्रा के वापस मंदिर पहूंचने पर प्रभू का अभिषेक कर उन्हे मंदिर में स्थापित किया गया। समस्त आयोजन में सम्पूर्ण जैन समाज अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद कर सम्मिलित रहा।

Related posts