आपका बैंक खाता भी बन सकता है साइबर ठगी का हथियार! कमीशन के लालच में खाते, एटीएम और सिम कार्ड सौंपने वाले 9 लोगों पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, 3,322 खातों की जांच में सामने आया चौंकाने वाला नेटवर्क

कमीशन के लालच में बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले 09 म्यूल खाताधारकों पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, साइबर ठगी की रकम के लेन-देन का खुलासा

थाना भिलाई नगर के अपराध क्रमांक 522/2026 एवं 523/2026, धारा 318(2), 318(3), 317(4) बीएनएस के तहत 09 म्यूल बैंक खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

आरोपियों द्वारा 5,000 से 15,000 रुपये तक कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए थे।

उक्त बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त अवैध धनराशि को विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने एवं निकालने के लिए किया जा रहा था।

तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पंजाब एंड सिंध बैंक एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित कुल 09 खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

दुर्ग जिले में म्यूल अकाउंट के विरुद्ध अब तक कुल 3,322 खातों की जांच की गई, जिनमें 3,162 खातों पर कार्रवाई की गई। इनमें 1,668 खातों पर अपराध पंजीबद्ध, 618 खातों को जांच उपरांत नस्तीबद्ध किया गया तथा 876 खातों पर कार्रवाई शेष है। इस अभियान में कुल 63 एफआईआर दर्ज कर 349 खाताधारक एवं एजेंट तथा 02 बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

दुर्ग : पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराधों में उपयोग किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दुर्ग पुलिस द्वारा थाना भिलाई नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में 09 म्यूल खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

साइबर अपराधियों द्वारा आम नागरिकों से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर प्राप्त की गई रकम को विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से स्थानांतरित करने एवं निकालने के लिए म्यूल बैंक खातों का उपयोग किया जाता है। इसी प्रकार के मामलों की जांच के दौरान थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 522/2026 एवं 523/2026, धारा 318(2), 318(3), 317(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्तियों द्वारा कमीशन के लालच में अपने स्वयं के एवं अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जा रहे थे। आरोपी एजेंटों के माध्यम से आम लोगों से बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं सिम कार्ड प्राप्त कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।

जांच में सामने आया कि संबंधित खाताधारकों द्वारा 5,000 रुपये से 15,000 रुपये तक कमीशन अथवा प्रतिफल के लालच में अपने बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज एवं सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपये की धनराशि के लेन-देन एवं हस्तांतरण में किया गया।

प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दिनांक 20.11.2026 को कुल 09 खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा संबंधित दस्तावेज एवं अन्य सामग्री जप्त कर प्रकरणों में अग्रिम विवेचना की जा रही है।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका):- आरोपियों द्वारा कमीशन के लालच में स्वयं के अथवा अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक एवं मोबाइल सिम कार्ड एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बदले खाताधारकों को 5,000 रुपये से 15,000 रुपये तक कमीशन दिया जाता था। इन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करने एवं वास्तविक लेन-देन के स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता था।

घटना स्थल:- थाना भिलाई नगर क्षेत्र, जिला दुर्ग तथा संबंधित बैंक खातों के माध्यम से किए गए वित्तीय लेन-देन।

आरोपी का नाम:- टेकेश्वर साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के पीछे, कांट्रेक्टर कॉलोनी, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

रौनक अग्रवाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी नेहरू भवन के पास, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।

तीरथ राम ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी खुर्सीडीह, बोरई, थाना दुर्ग, जिला दुर्ग।

राजीव कुमार, उम्र 23 वर्ष, निवासी मछली मार्केट, थाना खुर्सीपार, जिला दुर्ग।

प्रदीप कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी इंदिरा कॉलेज के पास, वैशाली नगर, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।

इन्द्रजीत सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी गुरुनानक नगर, रामनगर गुरुद्वारा के पास, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।

नीलेश चक्रधारी, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, नंदिनी रोड, थाना छावनी, जिला दुर्ग।

परमजीत सिंह, उम्र 55 वर्ष, निवासी खंडा चौक, छोटा नालंदा स्कूल के पास, हाउसिंग बोर्ड, थाना जामुल, जिला दुर्ग।

गुरमेल सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी सुभाष चौक, कैंप-01, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग।

जप्त सामग्री

बैंक पासबुक।

एटीएम कार्ड।

चेकबुक।

मोबाइल सिम कार्ड।

मोबाइल फोन।

अन्य संबंधित दस्तावेज।

सराहनीय कार्य:- उक्त कार्रवाई में थाना भिलाई नगर पुलिस एवं एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) दुर्ग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण, बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन की जांच, संदिग्ध खातों की पहचान एवं संबंधित व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति को कमीशन अथवा आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। आपका बैंक खाता साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में उपयोग होने पर आप भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।

यदि आपके बैंक खाते अथवा दस्तावेजों का किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गलत उपयोग किया गया है, तो तत्काल संबंधित बैंक एवं नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस को सूचना दें। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें।

Related posts