धान की जमाखोरी पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! छिंदबहार के गोदाम में औचक जांच के दौरान मिला निर्धारित सीमा से ज्यादा स्टॉक, 149 बोरा यानी 59.60 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

सीमा से अधिक धान भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

छिंदबहार के गोदाम से 149 बोरा धान जब्त

जगदलपुर : जिला प्रशासन द्वारा धान की अवैध जमाखोरी और निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में खाद्य विभाग, मंडी बोर्ड और नोडल अधिकारी अलनार की संयुक्त टीम के द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।

खाद्य अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार जिले के विकासखंड लोहंडीगुड़ा के ग्राम छिंदबहार स्थित नीता नाग एवं गंगा नाग के गोदाम का संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोदाम में निर्धारित सीमा से अधिक 149 बोरा (कुल 59.60 क्विंटल) धान का स्टॉक पाया गया।

नियमों के उल्लंघन और निर्धारित सीमा से अधिक धान के भंडारण पर टीम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान सहायक खाद्य अधिकारी सुश्री दिव्या कार्यान्त सहित खाद्य, मंडी विभाग तथा प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध भंडारण और अनियमितताओं के विरुद्ध इस प्रकार की निगरानी और सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related posts