पीएम जनमन योजना में जशपुर को 5 पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ से होगा निर्माण
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जशपुर में हो रही है आवागमन की सुविधा
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन की सुविधा दी जा रही है।
इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 बैच-I में छत्तीसगढ़ शासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जशपुर जिले के लिए 5 वृहद पुलों के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण पर कुल 16.03 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय के पत्र दिनांक 06.11.2026 द्वारा प्रदेश में स्वीकृत 167 पुलों में जशपुर जिले के ये 5 पुल शामिल हैं।
जिले में स्वीकृत सभी 5 कार्य विकासखंड बगीचा में हैं। इनमें डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाला पर 60 मीटर लंबा पुल 356.23 लाख रुपये, जबला से नवापारा मार्ग पर नाला पर 30 मीटर लंबा पुल 183.21 लाख रुपये, कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर नाला पर 60 मीटर लंबा पुल 404.19 लाख रुपये, बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर मार्ग पर नाला पर 80 मीटर लंबा पुल 352.67 लाख रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर नाला पर 60 मीटर लंबा पुल 307.04 लाख रुपये की लागत से बनेगा।
इन पुलों के निर्माण से विशेष रूप से पिछड़े जनजाति क्षेत्रों में बरसात के दिनों में नालों के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी समाप्त होगी और ग्रामीणों को साल भर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने, बच्चों को स्कूल जाने तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी। उक्त कार्यों को स्वीकृत राशि में ही पूर्ण किया जाएगा तथा तकनीकी स्वीकृति के पश्चात नियमानुसार कार्य प्रारंभ होगा।
