सिकल सेल पीड़ितों को राहत देने प्रशासन की पहल, रायपुर में आयोजित शिविर में 45 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी; उपचार और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी

सिकल सेल प्रभावित हितग्राहियों के लिए सामाजिक कल्याण शिविर का आयोजन।

शिविर में बनाए गए 45 दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी गई जानकारी।

रायपुर : जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकल सेल प्रभावित हितग्राहियों को स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए सामाजिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 45 पात्र हितग्राहियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए गए।

कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सिकल सेल प्रभावित हितग्राहियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही हितग्राहियों एवं उनके परिजनों को नियमित उपचार, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

शिविर का आयोजन यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के तकनीकी सहयोग से किया गया। इस पहल से सिकल सेल प्रभावित हितग्राहियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीष मेजरवार, जिला नोडल अधिकारी डॉ. सत्यनारायण पांडे, सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार सहित स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिरायु दल तथा यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts