पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर हत्या करने के बाद पति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, एसआईटी जांच के बाद मृतक के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध।
थाना टिकरापारा क्षेत्र के संजय नगर मदनी चौक में हुई हृदयविदारक घटना की एसआईटी द्वारा गहन जांच के बाद मृतक साजिद अली के विरुद्ध हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
रायपुर : पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेन्द्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देशन में मर्ग की जांच एसआईटी टीम द्वारा की गई।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 16.07.2026 की रात्रि करीब 22:00 बजे से दिनांक 17.07.2026 के 21:30 बजे के मध्य किराये के मकान मदनी चौक संजय नगर में मृतक साजिद अली ने अपनी पत्नी और दो पुत्री व एक पुत्र को कीटनाशक दवाई देकर उनकी हत्या कर दी, तथा उसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक साजिद अली सट्टा खिलाने का काम करने का आदी था। सट्टे का काम बंद होने से वह गंभीर आर्थिक तंगी एवं मानसिक तनाव से जूझ रहा था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का अपने अन्य किसी भी रिश्तेदारों से किसी प्रकार का संपर्क नहीं था।
मर्ग जांच, घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी टीम ने पाया कि पत्नी व तीनों बच्चों की मृत्यु हत्या की श्रेणी में आती है।
इस पर थाना टिकरापारा में मृतक साजिद अली के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1069/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया है।
मृतकगण :-
1. राबिया बेगम – पत्नी
2. इरशाद अली – पुत्र
3. साहिना परवीन – पुत्री
4. हिरशिबा परवीन – पुत्री
प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
