पंतोरा क्षेत्र की पहाड़ी में लापता महिला का शव बरामद, प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद हत्या की आशंका, पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को किया चिन्हांकित।
महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने पर पंतोरा पुलिस ने तत्काल शुरू की पतासाजी एवं जांच।
पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग में तिलसा रवार पहाड़ी क्षेत्र से बरामद हुआ महिला का शव।
विवेचना में सामने आया प्रेम संबंध को लेकर विवाद का मामला, संदिग्ध आरोपी की पहचान।
प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) BNS जोड़ी गई, संदिग्ध आरोपी जहर सेवन के बाद कोरबा अस्पताल में उपचाराधीन।
जांजगीर-चांपा : दिनांक 24.11.26 को चौकी पंतोरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अंगारखार निवासी 30 वर्षीय महिला दिनांक 22.11.2026 से लापता है। सूचना पर चौकी पंतोरा में अपराध क्रमांक 581/26, धारा 140(3) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर महिला की पतासाजी एवं जांच प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा एवं चौकी प्रभारी पंतोरा PSI अभिलाष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।
इसी क्रम में दिनांक 25.11.2026 को सुबह पुलिस एवं ग्रामीणों की संयुक्त सर्चिंग टीम गठित कर क्षेत्र के तिलसा रवार पहाड़ी में तलाश की गई। सर्चिंग के दौरान लापता महिला का शव पहाड़ी क्षेत्र में बरामद हुआ। चौकी पंतोरा पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा घटना से जुड़े संभावित पहलुओं, परिस्थितियों एवं साक्ष्यों की गहनता से जांच करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया।
प्रेम संबंध को लेकर विवाद की बात आई सामने :- विवेचना एवं पूछताछ के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि महिला अपने परिचित व्यक्ति से मिलने ग्राम अंगारखार की पहाड़ी पर गई थी। इसी दौरान गांव का ही एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और प्रेम संबंध को लेकर विवाद करने लगा। विवाद के बाद महिला का परिचित व्यक्ति वहां से चला गया। विवेचना में प्राप्त तथ्यों एवं परिस्थितियों के आधार पर पुलिस द्वारा हत्या की आशंका के संबंध में जांच आगे बढ़ाई गई है।
प्रकरण में प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर धारा 103(1) BNS जोड़ी गई है। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को चिन्हांकित किया है। आरोपी द्वारा जहर सेवन किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसके बाद उसे उपचार हेतु कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वर्तमान में वह उपचाराधीन है। उसके स्वस्थ होने के उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा प्रकरण की गंभीरता से विवेचना की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।
