रायपुर शहर में सुगम एवं बाधारहित यातायात के लिए नई पहल।
प्रत्येक यातायात थाना क्षेत्र में एक सड़क को पार्किंग मुक्त एवं नो वेंडिंग जोन बनाने हेतु अभियान प्रारंभ।
अभियान के प्रथम दिवस 120 वाहनों पर नो पार्किंग के तहत चालानी कार्यवाही, सड़क से वाहन एवं ठेले हटाए गए।
रायपुर : पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुव्यवस्थित एवं बाधारहित बनाने के लिए निरंतर नए प्रयोग एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में शहरवासियों को निर्बाध एवं बाधारहित आवागमन उपलब्ध कराने तथा सड़कों पर यातायात अवरोधों को समाप्त करने के उद्देश्य से आज से एक विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत रायपुर शहर के समस्त यातायात थाना क्षेत्रों में संबंधित थाना प्रभारी अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र की एक सड़क को पार्किंग मुक्त सड़क एवं नो वेंडिंग जोन बनाने के उद्देश्य से कार्यवाही की गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर अव्यवस्थित वाहन पार्किंग, सड़क किनारे ठेले एवं अस्थायी दुकानों के कारण उत्पन्न यातायात बाधाओं को दूर करना तथा सड़क के अधिकतम हिस्से को आवागमन के लिए उपलब्ध कराना है। इससे वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
अभियान के प्रथम दिवस की कार्यवाही:- आज अभियान के प्रथम दिवस रायपुर शहर के समस्त यातायात थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारी अधिकारियों एवं उनकी टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की निर्धारित सड़कों पर विशेष कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान:- नो पार्किंग में खड़े कुल 120 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई।
यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों को सड़क से हटाया गया।
सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से लगाए गए ठेले एवं अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्यवाही की गई।
सड़क के बाधित हिस्सों को खाली कराकर यातायात के सुचारु संचालन हेतु व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
प्रतिदिन जारी रहेगा अभियान:- यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। प्रत्येक यातायात थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र की उस चिन्हित सड़क को प्रतिदिन पार्किंग मुक्त एवं नो वेंडिंग जोन बनाने के उद्देश्य से कार्यवाही करेंगे। इस पहल के माध्यम से शहर की सड़कों को चरणबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर आम नागरिकों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें तथा सड़क एवं फुटपाथ पर वाहन पार्किंग, ठेले अथवा अन्य सामग्री रेत गिट्टी कंडम वाहन आदि सामान रखकर यातायात बाधित न करें।
शहर की सड़कें सभी नागरिकों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें तथा रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।
