जशपुर में धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर, छोटे किसानों को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश! 53 हजार से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन, 3 नए केंद्रों से मिलेगी बड़ी राहत

कलेक्टर ने गम्हरिया धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण

किसानों से चर्चा करके धान खरीदी की ली जानकारी

छोटे किसानों से भी प्राथमिकता से धान खरीदी करने के निर्देश

इस वर्ष 3 नए उपार्जन केंद्र बने, किसानों को मिलेगी सुविधा

समर्थन मूल्य पर धान बेचने जिले के 53,378 किसानों का हुआ है पंजीयन

जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों से 15 नवंबर से धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर रोहित व्यास ने आज जशपुर विकास खंड के गम्हरिया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया और धान बेचने आए किसानों से चर्चा करके धान खरीदी व्यस्था की जानकारी ली।

कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को छोटे किसानों का भी प्राथमिकता से धान खरीदी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टोकन की स्थिति,बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता, सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

गम्हरिया धान खरीदी केंद्र में 2723 किसानों का पंजीकरण किया गया है। अब तक 5 किसानों ने अपना धान बेचा है। उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किसानों से की जा रही है। किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से दी जा रही है। किसान धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर रहे हैं।

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले के 49 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां की गई है। 15 नवंबर 2026 से सभी केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ की गई।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।

53,378 किसानों ने कराया पंजीयन

इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले के कुल 53,378 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 50,904 थी। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में 2,474 नए किसानों ने पंजीयन कराया है।

पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा लगभग 91,515.12 हेक्टेयर है। 3 नये उपार्जन केन्द्र-किसानों को धान विक्रय में अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 3 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुदमुरा, कोरंगामाल, चम्पा शामिल हैं। नए केंद्र शुरू होने से किसानों को धान बेचने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और उन्हें आवागमन में भी सुविधा होगी।

Related posts