ऑपरेशन शंखनाद -गौ तस्करी का फरार सरगना संजीव सिंह चढ़ा पुलिस के हत्थे, गिरफ्तार कर भेजा जेल
थाना कुनकुरी व चौकी सोन क्यारी पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
आरोपी संजीव चौकी सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत एक गौ तस्करी के मामले में था फरार, पुलिस उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर दे रही थी लगातार दबिश, अंततः कुनकुरी से धर दबोचा
आरोपी के विरुद्ध चौकी सोन क्यारी में अपराध क्रमांक 30/26 , व छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6,10 के तहत है अपराध पंजीबद्ध
आरोपी संजीव सिंह है आदतन अपराधी, उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थाना/चौकियों में पशु तस्करी, लूट, चोरी इत्यादि जैसे 40 प्रकरण दर्ज
नाम गिरफ्तार फरार आरोपी – संजीव उर्फ संजू सिंह उम्र 41 वर्ष निवासी कुनकुरी थाना कुनकुरी जिला जशपुर छ. ग।
जशपुर : डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में पशु तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर तस्करी में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में चौकी सोनक्यारी पुलिस द्वारा थाना कुनकुरी पुलिस की सहायता से पशु तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी संजीव सिंह उर्फ संजू को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 10.04.2026 को चौकी सोनक्यारी पुलिस के द्वारा मुखबिर की सूचना पर ग्राम गुल्लू में ईब नदी के पास अवैध रूप से पैदल हांक कर ले जा रहे 10 नग गौ वंशों को मुक्त कराया गया था, व एक आरोपी मुकेश राम को गिरफ्तार किया गया था,। मामले में शामिल अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गए थे।मामले में पुलिस के द्वारा चौकी सोनक्यारी में अपराध क्रमांक 30/26 व छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर, पकड़े गए आरोपी मुकेश राम को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था, ।
पुलिस के द्वारा पकड़े गए आरोपी मुकेश राम से पूछताछ करने पर उसने बताया था कि उक्त मवेशियों को संजीव सिंह उर्फ संजू सिंह , शंभू यादव एवं भादरो यादव के कहने पर कजरा से गुल्लू नदी तक ले जाया जा रहा था। पुलिस को मौके पर एक डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MP-8942 भी मिली थी, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया था, मोटर सायकल के संबंध में जानकारी प्राप्त करने पर उक्त मोटर सायकल संजीव सिंह उर्फ संजू का होना पाया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा पूर्व में तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा जा चुका है। वहीं प्रकरण का मुख्य आरोपी संजीव सिंह उर्फ संजू सिंह पिता विजय भूषण सिंह उम्र 41 वर्ष निवासी डुगडुगिया, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर घटना दिनांक से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर निरंतर दबिश दे रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि फरार आरोपी संजीव सिंह अपने कुनकुरी स्थित घर में मौजूद है। सूचना पर चौकी सोनक्यारी एवं थाना कुनकुरी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा दिनांक 25.11.26 रात्रि लगभग 12 बजे आरोपी के घर पर दबिश देकर घेराबंदी की गई तथा उसे पकड़ लिया गया। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी संजीव सिंह के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 26.11.26 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम कार्यवाही जारी है।
आरोपी संजीव सिंह उर्फ संजू एक आदतन अपराधी है उसके विरुद्ध जशपुर जिले के विभिन्न थानों में लगभग 40 आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। जिसमें पुलिस के द्वारा कार्यवाही कर पूर्व में भी उसे जेल भेजा गया है।पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड एवं पशु तस्करी से संबंधित अन्य गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी संकलित की जा रही है।
मामले की कार्यवाही व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी सोन क्यारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहन लाल मरकाम, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर वारले,प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक विमल मिंज, आरक्षक आनंद मिंज, आरक्षक मशीह चरण तथा आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
