मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंडोरा में रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री घोषणा मद से एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की दी सौगात
सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा
पारंपरिक करमा नृत्य और गजमाला से रौतिया समाज ने किया मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा मद से 50-50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। इन दोनों विकास कार्यों पर कुल एक करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
कार्यक्रम में रौतिया समाज के लोगों ने पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन एवं गजमाला से मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह को उत्सवी स्वरूप प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज के लोगों को सोहराई करमा महोत्सव एवं समाज भवन के लोकार्पण की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज का यह भवन नेशनल हाईवे पर स्थित है, जो सामाजिक एकता, संगठन और विकास की गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। समाज के सामूहिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रौतिया समाज अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता के लिए जाना जाता है। समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास की दिशा में आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि रौतिया समाज सनातन संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन तीन वर्षों में सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। इस योजना से प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। धान खरीदी के अंतर की राशि भी किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आम जनता की सुविधा और कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं, वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 10 हजार से अधिक बुजुर्गों ने तीर्थयात्रा का लाभ लिया है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जिससे 8 हजार से अधिक अधिकारी जुड़े हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से आम नागरिकों को 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत को अटल डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है और अब तक 6 हजार गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। प्रदेश में स्वच्छ, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग का भी गठन किया गया है।
समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम में रौतिया समाज के कोषाध्यक्ष श्री विद्याचरण सिंह ने स्वागत उद्बोधन में समाज भवन के लोकार्पण एवं अखरा विकास कार्य के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रौतिया समाज अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए पहचाना जाता है। यह भवन समाज की एकता और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का नया अध्याय बनेगा तथा सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।
अखिल भारतीय रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओ.पी. साय ने समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समाज के लिए यह महत्वपूर्ण कार्य मुख्यमंत्री के प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री श्री साय ने रौतिया समाज को आगे बढ़ाने और उसकी सामाजिक पहचान को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि रौतिया समाज विशेष रूप से सरगुजा एवं रायगढ़ जिले में निवास करता है।
श्रीमती संयोगिता सिंह ने कहा कि जशपुर राजपरिवार का रौतिया समाज से पुराना संबंध रहा है। रौतिया समाज ने अपनी रीति-रिवाजों एवं परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाया है। वहीं श्री विश्वनाथ सिंह ने कहा कि जशपुर जिले में रौतिया समाज एक महत्वपूर्ण धरोहर के रूप में स्थापित है और समाज की परंपराओं का दूसरे समाज के लोग भी अनुकरण करते हैं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रौतिया समाज श्री ओ.पी. साय, रौतिया समाज जिला अध्यक्ष श्री रंजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्रीमती संयोगिता सिंह, श्री विश्वनाथ सिंह, आईजी श्री दीपक कुमार झा कलेक्टर श्री रोहित व्यास वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेंद सिंह जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, रौतिया समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
