जशपुर में चीक समाज के सम्मेलन से मुख्यमंत्री साय ने दिया सामाजिक विकास का बड़ा संदेश, 80 लाख रुपये की सौगात से विकास को मिलेगी नई रफ्तार; समाज की एकजुटता और उत्थान के लिए सरकार ने जताई पूरी प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री श्री साय प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में हुए शामिल

सामाजिक भवन के लिए 50 लाख और महतारी सदन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा– चीक समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध

जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जोकारी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न प्रांतों से चीक समाज के पदाधिकारी, सामाजिक प्रमुख एवं हजारों की संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री साय ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक उत्थान के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बनकोम्बो में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा ग्राम जोकरी में महतारी सदन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की।

चीक समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री श्री साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में विशाल संख्या में सम्मेलन में पहुंचे चीक समाज के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े आयोजन में समाज के लोगों की उपस्थिति और उनका स्नेह उनके लिए प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से ही चीक समाज द्वारा निर्मित वस्त्रों का उपयोग मानव समाज करता आया है। वस्त्र निर्माण की इस परंपरा और योगदान के लिए चीक समाज अभिनंदन का पात्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे विधायक थे, तभी से चीक समाज की समस्याओं से परिचित रहे हैं और उन्होंने विधानसभा में भी समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। आज प्रदेश सरकार समाज की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ तत्पर है। उन्होंने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में वे समाज के साथ खड़े हैं तथा हरसंभव सहयोग के लिए प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश सरकार प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। सरकार का उद्देश्य जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी 13 दिसंबर को सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस अवधि में सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 33 किश्तों के माध्यम से 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। इस योजना से प्रदेश की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से 1076 नंबर पर नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन के लिए 8 हजार से अधिक अधिकारी इससे जुड़े हुए हैं, ताकि आमजन की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र प्रारंभ

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 360 नए धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। धान खरीदी के अंतर्गत 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा के अनुरूप अंतर की राशि भी किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।

रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से हजारों लोग लाभान्वित

मुख्यमंत्री श्री साय ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। इसी प्रकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 10 हजार से अधिक बुजुर्गों ने तीर्थ यात्रा का लाभ प्राप्त किया है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों की धार्मिक आस्था और आकांक्षाओं को सम्मान देते हुए उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चीक समाज सहित प्रत्येक समाज की समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसपी लालउमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपाध्यक्ष., श्री सत्यनारायण बड़ाईक चीक बड़ाईक महासभा, श्रीमती मंजू भगत, सरपंच ग्राम पंचायत जोकारी, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री उपेंद्र यादव सहित हजारों संख्या मे समाज प्रमुख और नागरिक शामिल हुये |

Related posts