शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश करने पर भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में।
नारायणपुर : शादी के सुनहरे सपने दिखाकर किसी की जिंदगी से खिलवाड़ करने का एक गंभीर मामला नारायणपुर जिले से सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसे शादी का झांसा दिया और सालों तक अलग-अलग स्थानों पर उसका शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगे। आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस के सामने अपनी आपबीती रखी। मामला दर्ज होते ही नारायणपुर पुलिस हरकत में आई और महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। यह कार्रवाई महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाती है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध घटित अपराधों पर गंभीरता से त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बेनूर अविनाश कंवर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झाराघाटी राजकुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मामले का विवरण:- थाना झाराघाटी में दिनांक 26.11.2026 को पीड़िता द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी पिन्टू पोयाम पिता सुकमन पोयाम, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरा, थाना धौड़ाई, जिला नारायणपुर द्वारा पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद शादी का झांसा देकर दिनांक 15.09.2018 से 03.10.2026 तक अलग-अलग स्थानों पर कई बार दुष्कर्म किया गया। साथ ही गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना झाराघाटी में अपराध क्रमांक 06/2026 के तहत धारा 376, 376(2)(n), 376(3) भादवि, धारा 64, 64(2)(m), 65(1), 115(2), 351(2), 296 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 04, 06 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 27.11.2026 को आरोपी पिन्टू पोयाम को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
नारायणपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
