मुख्यमंत्री भूपेश ने गढ़ दिया नवा अपराधगढ़ – भाजपा

Advertisements
Advertisements

राजस्थान का चिंतन छोड़ छत्तीसगढ़ की चिंता करें बघेल

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राजधानी सहित पूरे राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का ढिंढोरा पीटने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवा अपराधगढ़ गढ़ दिया है और देश भर में दम तोड़ती कांग्रेस के लिए चिंतन का ढोंग करने राजस्थान में पिकनिक मना रहे हैं। वे दिखावे का चिंतन छोड़ें और छत्तीसगढ़ की जनता की जान माल की सुरक्षा की चिंता करें। राज्य की जनता ने उन्हें कांग्रेस की नहीं बल्कि अपनी चिंता करने के लिए चुना है, लेकिन वे ऐसा बिल्कुल भी नहीं कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि राजधानी तक में जनता सुरक्षित नहीं है। वीआईपी रोड जैसे इलाके में लूट का सिलसिला और गोलीबारी बता रही है कि भूपेश बघेल की नाक के नीचे ही सरेआम लूटमार हो रही है। महिला उत्पीड़न के मामलों की पूरे प्रदेश में बाढ़ आ गई है। भ्रष्टाचार के नरवा में नहा रही सरकार ने जनता को अपराधियों के रहमोकरम पर छोड़ दिया है। इस सरकार में छत्तीसगढ़ की स्थिति अंधेर नगरी, चौपट राजा वाली हो गई है। राजधानी में हाल ही जिस जगह एक युवती को लूटकर गोली मारी गई, उसी जगह पर एक रोज पहले एक छात्र को लूटा गया। तेलीबांधा इलाके में ही एक बुजुर्ग खुदकुशी करने के लिए मजबूर हुआ।

राज्य में इस सरकार से त्रस्त किसान आत्महत्या कर ही रहे हैं। चौतरफा अंधेरगर्दी और बेकाबू अपराध का सिलसिला जारी है। कांकेर में हत्याकांड हुआ तो कुछ रोज पहले रायगढ़ जशपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में एक ही परिवार के लोगों की हत्या हो गई। हाल ही तिल्दा में एक परिवार की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया। दुष्कर्म का आलम यह है कि भूपेश बघेल की पुलिस ही आरोपी की दलाल बनकर पीड़िता को धमकाती है। छत्तीसगढ़ में ये क्या हो रहा है। खुला जंगल राज चल रहा है। भूपेश बघेल को कुछ दिखाई नहीं दे रहा। जनता उन्हें कोयले की दलाली में हाथ काले करते देख रही है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!