जशपुर जिला कार्यालय में मनाया गया आतंकवाद विरोधी दिवस, अधिकारी कर्मचारियों को आतंकवाद का विरोध करने हेतु दिलाई गई शपथ

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में आज संयुक्त कलेक्टर सचिन भूतड़ा ने आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आतंकवाद और हिंसा का विरोध करने तथा विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की शपथ दिलाई। उन्होंने देश की अहिंसा एवं सहनशीलता की परम्परा में दृढ़ विश्वास बनाए रखने, मानव जाति के सभी वर्गों के बीच शांति, सामाजिक सद्भाव तथा सूझबूझ कायम करने और मानव जीवन के मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली एवं विघटनकारी शक्तियों से लड़ने की भी शपथ दिलायी। इस अवसर पर जिला कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि आतंकवाद विरोधी दिवस मनाने का उद्देश्य आम लोगों के कष्टों को सामने लाकर और यह दर्शा कर कि आतंकवाद किस तरह राष्ट्रीय हित के विरूद्ध है युवाओं को आतंक और हिंसा के रास्ते से दूर करना है। प्रतिवर्ष 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया जाता है। 21 मई शनिवार अवकाश दिवस होने के कारण 20 मई को भारत सरकार के उपक्रम एवं अन्य संस्थाओं तथा राज्यशासन के कार्यालयों में आतंकवाद विरोधी दिवस आयोजित कर सभी अधिकारी कर्मचारी को आतंकवाद का विरोध करने की शपथ दिलाई गई।

Related posts