क्या छत्तीसगढ़ की जेलों में चल रहा है कांग्रेस सरकार का ढाबा ? कूटते हैं नंबरदार, लूटते हैं बाबा- विष्णुदेव साय

पूरे प्रदेश में जंगलराज चल रहा है और जेलों में हो रही है लूटमार

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने राज्य की जेलों में बंदियों के उत्पीड़न की खबरों का हवाला देते हुए कहा है कि क्या छत्तीसगढ़ की जेलों में कांग्रेस सरकार का ढाबा चल रहा है ? जेलों में रहने, सोने, खाने के रेट निर्धारित हैं। दाल, रोटी, चावल के साथ ही लजीज खाने का मेन्यू नम्बरदारों के जरिये बंदियों को आमद के साथ ही समझा दिया जाता है। जिन बंदियों के पास यह निर्धारित रेट देने की हैसियत है, वे जेल में आराम से रह सकते हैं। लेकिन जो बंदी रकम नहीं दे सकते, उनके साथ मारपीट की जाती है। रात भर सोने नहीं दिया जाता। बैठकर रात गुजारने के लिए मजबूर किया जाता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जेलों में कांग्रेस की सरकार में जिस तरह ढाबा चलाकर बंदियों को लूटा जा रहा है, वह मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन है। कांग्रेस की सरकार में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया है। पूरे प्रदेश में जंगलराज चल रहा है और जेलों में लूटमार हो रही है। कानून का राज न बाहर है और न ही जेल के अंदर है। कांग्रेस सरकार की लुटेरी व्यवस्था हर जगह अराजकता मचाये हुए है। इस सरकार की प्राथमिकता अपराध रोकना नहीं, बल्कि  छिटपुट मामलों के आरोपियों से जेलों में भीड़ बढ़ाकर उन्हें लूटना ही इसका मकसद हो गया है। बड़े बड़े माफिया, अपराधी राजनीतिक संरक्षण पा रहे हैं और छोटे मोटे मामलों में बंदी लोगों का जेल में आर्थिक और शारीरिक शोषण हो रहा है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है, तब से कानून व्यवस्था पटरी से उतर गई है। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हद तो यह हो गई कि जेल भी लूट खसोट का अड्डा बन गई हैं। सवाल तो यह है कि ऊपर चंदा भेजने के लिए और कितना नीचे  गिरेंगे।

Related posts