कलेक्टर ने किया वृहताकार सेवा सहकारी समिति सुरगी एवं मोखला गौठान का निरीक्षण, सभी समिति में भंडारित और किसानों को वितरित की गई खाद बीज की ली जानकारी

Advertisements
Advertisements

महिला समूह द्वारा की जा रही बहुआयामी कार्यों की प्रशंसा की

महिला समूह द्वारा प्रतिमाह तीन से चार हजार रूपए का लाभ अर्जित किया जा रहा

समूह की महिलाओं के द्वारा मसाला उत्पादन, अचार निर्माण, मछली पालन, मुर्गी पालन, कंपोस्ट खाद बनाने का कार्य

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, राजनांदगांव

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत वृहताकार सेवा सहकारी समिति मर्यादित सुरगी एवं मोखला गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिन्हा ने समिति में उपलब्ध खाद बीज की जानकारी ली। कलेक्टर ने समिति में अब तक किसानों को किए गए खाद बीज वितरण की जानकारी ली। समिति प्रबंधक ने बताया कि आगामी 1 सप्ताह के भीतर डीएपी की मांग के अनुसार इसकी आपूर्ति होने की संभावना है। जैसे ही समिति को डीएपी उपलब्ध हो जाएगा, उसके आधार पर किसानों की मांग अनुसार उन्हें वितरित किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की मांग के आधार पर उन्हें कंपोस्ट खाद उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि मानसून में गति के चलते आने वाले समय मे खाद की मांग बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद बीज का भंडारण करें।

  कलेक्टर श्री सिन्हा ने आदर्श गौठान मोखला पहुंचकर गौठान में की जा रही बहुआयामी गतिविधियों से अवगत हुए। गौठान में महिला समूह  द्वारा की जा रही बहुआयामी गतिविधियों को देखकर कलेक्टर ने काफी प्रसन्नता व्यक्त की। यहां गौठान समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा मसाला उत्पादन, आचार निर्माण, मछली पालन, मुर्गी पालन, सब्जी उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। अभी वर्तमान में समूह की महिलाओं के द्वारा अचार निर्माण किया जा रहा है। समूह की महिलाओं ने बताया कि अभी 10 क्विंटल अचार बना लिया गया है। कलेक्टर ने महिला समूह द्वारा बनाई गई अचार की गुणवत्ता की जांच की। साथ ही उन्होंने अचार का स्वाद चख कर देखा। स्वादिष्ट और गुणवत्तापूर्ण अचार के लिए उन्होंने महिला समूह को शुभकामनाएं और बधाइयां दी। गौठान समूह की महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में 2 लाख 80 हजार रूपए का कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया गया है। अभी 1 लाख 45 हजार रूपए की कम्पोस्ट खाद की बिक्री की जानी है। महिला समूह ने बताया की उनके द्वारा मात्र 1 महीने में ही मुर्गी पालन से 19 हजार रूपए का लाभ अर्जित किया गया है। महिला समूह ने बताया की गौठान समूह से जुडऩे के बाद समूह की 23 महिलाओं को काफी लाभ हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि हर माह कम से कम प्रत्येक महिला को 3 से 4 हजार रूपए की आमदनी हो रही है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने समूह की सभी महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह समय आप सभी के लिए एक शुभ अवसर है। जिसमें आप सभी अपने आप को अग्रणी भूमिका के साथ ऊपर ले जा सकती हैं। इससे ना केवल आप सभी की पहचान स्थापित होगा साथ ही साथ सशक्त और अग्रणी महिला के रूप में भी जानी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो कोई भी कार्य करें उसमें लगन के साथ-साथ अपनी सहभागिता को कायम रखें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, सहायक संचालक कृषि श्री टीकम ठाकुर, जनपद सीईओ श्रीमती रोशनी भगत, बीपीएम श्री सुशील श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!