कांग्रेसियों की नैतिकता गांधी परिवार के अनैतिक आचरण की गुलाम – विष्णुदेव साय

Advertisements
Advertisements

राहुल गांधी के समर्थन में राजभवन मार्च कांग्रेस द्वारा संवैधानिक व्यवस्था पर दबाव बनाने की निम्नस्तरीय कोशिश है, जो अत्यंत निंदनीय है

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कांग्रेस द्वारा देश भर में राजभवन मार्च करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार के मामले में ईडी की पूछताछ का सामना कर रहे राहुल गांधी के समर्थन में राजभवन मार्च कांग्रेस द्वारा संवैधानिक व्यवस्था पर दबाव बनाने की निम्नस्तरीय कोशिश है, जो अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेसी भ्रष्टाचार के समर्थन में ईडी दफ्तर के सामने धरना दे चुके हैं। राजभवन मार्च कर रहे हैं, कल क्या राष्ट्रपति भवन मार्च करेंगे। इनकी नैतिकता गांधी परिवार के अनैतिक आचरण की गुलाम बन गई है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड संपत्ति मामले में पाक-साफ हैं तो पूछताछ का सामना करें। जांच में सहयोग करें।  कांग्रेस पूछताछ से बचने सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई, इसके पीछे क्या कारण है ? क्या राज है, जिससे पर्दा उठ जाने के भय से कांग्रेस बौखलाकर दबाव की राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री जैसे गरिमापूर्ण पद पर आसीन कांग्रेस नेता हंगामा खड़ा कर रहे हैं। राजभवन मार्च संवैधानिक व्यवस्था में अवरोध उत्पन्न करने की मंशा से किया जा रहा है, लेकिन कानून की मंशा के अनुसार न्याय होकर ही रहेगा, कांग्रेस जितना चाहे उतना ड्रामा कर ले।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार का समर्थन कर रही है, यह तो उसकी अनुवांशिकी में है किंतु जिस तरह भ्रष्टाचार के मामले में जांच के दायरे में आये राहुल गांधी को देश की जनता की आवाज बताया जा रहा है, वह किसी भद्दे मजाक के अलावा कुछ और नहीं है। कांग्रेस देश की ईमानदार जनता का अपमान कर रही है। गांधी परिवार कभी देश की जनता की आवाज नहीं बन सकता। ये तो इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाले लोग हैं।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!