जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव पर बच्चों के मुस्कुराते चेहरों से गुलजार रहा स्कूल, सर्वेश्वरदास शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में महापौर एवं कलेक्टर ने तिलक लगाकर बच्चों का किया स्वागत

Advertisements
Advertisements

मुख्यमंत्री ने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय किया प्रारंभ

दृढ निश्चय के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़े : महापौर

अर्जुन की तरह लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करना चाहिए : कलेक्टर

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, राजनांदगांव

जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव पर आज सर्वेश्वरदास शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बच्चों के मुस्कुराते चेहरों से गुलजार रहा। इस अवसर पर महापौर श्रीमती हेमा देशमुख एवं कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने तिलक लगाकर एवं फूलों की माला पहनाकर बच्चों का स्वागत किया। महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने कहा कि शाला में प्रवेश को एक उत्सव की तरह लें। इससे आपके भविष्य का निर्माण होगा। उन्होंने संस्कृति के श्लोक विद्या ददाति विनयं.. का स्मरण करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अपने लिए लक्ष्य निर्धारित करें और उसके लिए मेहनत करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय प्रारंभ किए हैं। भारतीय संस्कृति में संस्कृत के साथ ही अंग्रेजी की आवश्यकता को देखते हुए बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए यह व्यवस्था की है। निश्चित ही हमारे बच्चे मार्गदर्शक के रूप में देश की पहचान बनेंगे। मेहनत बहुत जरूरी है, मेहनत करने से फल अवश्य मिलता है। दृढ निश्चय के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढ़ें।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आभार जिन्होंने पूरे प्रदेश में बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की स्थापना की है। उन्होंने बच्चों से कहा कि आज की गई पढ़ाई और मेहनत का परिणाम जीवन में आगे चलकर मिलेगा। उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोना आग में तपकर दमकता है। इसी तरह अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम करें। जीवन में कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। यह जरूरी बात है कि हम जो भी कार्य करें, मन लगाकर करें। अर्जुन की तरह लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करना चाहिए। स्वामी विवेकानंद के ध्येय वाक्य उठो जागो और तब तक मत रूको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए के साथ बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने शिक्षकों से कहा कि होशियार बच्चों के साथ ही कमजोर बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। इस मौके पर नन्हे बच्चों ने गीत एवं नृत्य की मोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मोहला के बच्चों को स्कूल बैग एवं किताबे दी गई। अम्बागढ़ चौकी के दिव्यांग बच्चों को किताबें, लर्निंग मोबाईल, केल्कुलेटर दिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी आरएल ठाकुर, नगर निगम के राजा तिवारी, ई-जिला प्रबंधक सौरभ मिश्रा, प्राचार्य श्रीमती आशा मेनन, एपीसी सतीश ब्योहारे, विश्वकर्मा, रफीक अंसारी, विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!