बघिमा मत्स्य बीज फार्म में 220 लाख बीज का किया गया है उत्पादन
समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर
जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने एवं उनके आय में वृद्धि करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा गौठान में महिलाओं का समूह बनाकर विभिन्न शासकीय योजनओं के तहत् लाभ पहुंचाया जा रहा है।
इसी कड़ी में मत्स्य विभाग द्वारा मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत तालाबों में स्पान संवर्धन के तहत मनोरा विकासखंड के भभरी गौठान में कमल स्व-सहायता समूह को 25 लाख स्पान (मत्स्य बीज), 1 नग जाल एवं 2 क्ंिवटल सरसों खली प्रदाय किया गया। साथ ही फरसाबहार गौठान के दीप स्व सहायता समूह को मछली बीज वितरण कर संचयन भी कराया गया तथा मछली परीपूरक आहार व सीफैक्स भी प्रदान किया गया है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कहा कि गोठान के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों से महिलाओं को जोड़ा गया है। जिससे उन्हें आमदनी हो रही है। इसी तारतम्य में मछली बीज भी उपलब्ध कराया गया है। जिससे समूह से जुड़ी सभी महिलओं को आर्थिक रूप से लाभ मिलेगा।
मत्स्य अधिकारी ने बताया कि बघिमा मत्स्य बीज फार्म में बीज का उत्पादन शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि 29 जून 2022 तक 220 लाख स्पॉन मत्स्य बीज का उत्पादन कर लिया गया है।





