कौशिक भाजपा के जंगल राज को याद करें, अब छत्तीसगढ़ बदल चुका है – मोहन मरकाम

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि वे भाजपा के जंगल राज को याद करें। अब छत्तीसगढ़ बदल चुका है। राज्य में मजबूत कानून व्यवस्था है। कानून व्यवस्था से लेकर हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ अब भाजपा शासित राज्यों से बहुत बेहतर है। अपराधी यहां बच कर नहीं निकल सकते। नेता प्रतिपक्ष अपनी पार्टी के पंद्रह साल और कांग्रेस के साढ़े तीन साल के आपराधिक मामले देख सकते हैं कि तब राज्य में क्या स्थिति थी और अब क्या है? आज छत्तीसगढ़ में महिलायें सुरक्षित है। छत्तीसगढ़ की जनता झलियामारी जैसी घटनाओं को भूली नहीं है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कोरबा के कुसमुंडा एसईसीएल कॉलोनी में महिला सहित उसकी बेटी की हत्या पर सभी को दुख है। नेता प्रतिपक्ष दुर्भाग्यजनक घटना पर राजनीति कर रहे है। दुख जताने का ढोंग करने की बजाय यह देखें कि भाजपा के समय अपराधी पकड़े नहीं जाते थे और अब कांग्रेस की सरकार में अपराधी बच नहीं पाते। तब पुलिस के हाथ बंधे हुए थे। अब पुलिस तत्परता से अपराधियों को कानून के हवाले कर रही है। भाजपा की सरकार तो आरोपियों को बचाने के लिए क्या करती हैं, यह नोएडा में सामने आ गया। भाजपा न तो कानून की कद्र करती और न ही अदालत के आदेश का सम्मान करती।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि पूरे देश में भाजपा कानून व्यवस्था का मजाक उड़ाते हुए अराजकतावादी नीयत दिखा रही है और यहां नेता प्रतिपक्ष कौशिक को कानून का राज खल रहा है। वे चिंता न करें। कांग्रेस के राज में पुलिस अपराधियों की नकेल कसने में सक्षम है। आज छत्तीसगढ़ में कानून का राज है। भाजपा शासनकाल में कानून व्यवस्था अपने हाल पर रो रही थी। छत्तीसगढ़ अपराधियों की ऐशगाह बन गया था। हर दिन लूट, हत्या, बलात्कार, अपहरण, मानव तस्करी की घटनाएं सामान्य हो गई थी। नेता प्रतिपक्ष भाजपा राज के आंकड़े जारी करने की हिम्मत क्यों नहीं दिखा पाते?

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!