आदिवासियों को भूपेश सरकार ने धोखा दिया, नतीजतन मुंह छुपा रहे हैं, कांग्रेस प्रभारी बस्तर जा रहे हैं तो आदिवासियों के सामने आरक्षण की स्थिति स्पष्ट करें – अनुराग अग्रवाल

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के संक्षिप्त बस्तर दौरे के संदर्भ में कहा है कि कांग्रेस ने 4 साल पहले जो झूठ का मकड़जाल बुना था, अब वह उसमें बुरी तरह उलझ गई है और जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं कर रही है। मुंह छुपा रही है। इसका सबसे बड़ा ताजा उदाहरण है कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पुनिया का बस्तर में चुनिंदा कुछ जगहों पर दौरा कार्यक्रम का दिखावा। पहले तो पुनिया का पूरे बस्तर में होने वाले दौरे का खूब प्रचार किया गया लेकिन वह दौरा आदिवासी विरोध के भय से निरस्त कर दिया गया। अब पुनिया का जो दौरा कार्यक्रम सामने आ रहा है, वह बता रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आदिवासियों के आरक्षण के मामले में सुनियोजित तरीके से जो कृत्य किया है, जो धोखेबाजी की है, उसके परिणामस्वरूप पुनिया बस्तर की जनता का सामना करने से कतरा रहे हैं।

प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने  कहा कि पहले पुनिया बस्तर की सभी 12 सीटों का दौरा कर वहां के पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करने वाले थे। किंतु उसी दौरान भूपेश बघेल सरकार की इरादतन अनदेखी के कारण आदिवासी आरक्षण 32 फीसदी से कम होकर 20 प्रतिशत हो जाने से उपजे आदिवासी आक्रोश से घबराकर पुनिया का बस्तर दौरा अपरिहार्य कारण का बहाना बनाकर टाल दिया गया। अब उनका रस्म अदायगी के लिए जो दौरा कार्यक्रम बना है, वह कांग्रेस की दहशत का नमूना है। अब वे केवल जगदलपुर और दंतेवाड़ा में कांग्रेस पदाधिकारियों से मिलेंगे।

प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने केवल आदिवासियों को ही नहीं, पिछड़े वर्ग को भी छला है। कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग से 27 फीसदी आरक्षण का वादा किया और अपने ही व्यक्ति से इस पर हाइकोर्ट से स्टे ले लिया। कांग्रेस झूठ बोलती रही कि स्टे लाने वाला उसका नहीं है लेकिन इसका सच पिछड़ा वर्ग जानता है। उसे कैबिनेट मंत्री का दर्जा देकर शोध पीठ में बैठा दिया है। कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की आम जनता के साथ साथ हर समाज के साथ सिर्फ छलावा किया है। अब समय आ गया है। जनता कांग्रेस को सबक सिखाने तैयार है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!