रंगीन फव्वारा के साथ नई साज-सज्जा के साथ छठ व्रतियों के स्वागत के लिए तैयार है शहर का छट घाट ! नगर सरकार की पहल से शहर को मिली एक और सौगात, जल्द ही यह भी दिखेगा शहर में…………!

जशपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए संकल्पित है भाजपा की नगर सरकार

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, जशपुर

भगवान सूर्य की उपासना के महापर्व छठ-पूजा के लिए शहर के प्रमुख छठ घाट देउलबंध और सती उद्यान तालाब सहित सभी 8 घाटों की साफ सफाई के लिए नगर पालिका जशपुर के अध्यक्ष नरेश चन्द्र साय, उपाध्यक्ष राजेश (राजू) गुप्ता और सीएमओ सुश्री ज्योत्स्ना टोप्पो के मार्गदर्शन में पूरी ताकत झोंक दी थी। अध्यक्ष नरेश चन्द्र साय ने बताया कि सफाई के साथ इस बार छठ घाट को रंग रोगन करके आकर्षक रूप दिया गया है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान, दोनों छठ-घाटों में बड़ी संख्या में व्रत धारण करने वाले श्रद्धालुओं के साथ शहरवासी में जुटते है। इस बार उन्हें यहां अलग ही मनोरम दृश्य देखने को मिलेगा। उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि छठ-पूजा समिति के पदाधिकारियों से चर्चा कर बड़ा तालाब, छोटा तालाब, गम्हरिया रोड बांकी टोली, दरबारी टोली, शांति भवन के पास स्थिति तालाब और रांची रोड स्थित बांकी नदी के तट को तैयार किया गया है। पालिका के सफाई कर्मियों ने दीपावली त्योहार और इसके बाद जम कर मेहनत की है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका ने बड़ा तालाब में विशेष रूप से रंगीन फव्वारा लगाया गया है। इसे शाम के समय शुरू किया जाएगा। शहर के सौंदर्यीकरण के साथ लोगों के मनोरंजन के लिए भी यह फव्वारा महत्वपूर्ण होगा।

शहरवासियों की अपेक्षा के अनुरूप हो शहर का विकास

नगरपालिका अध्यक्ष नरेश चन्द्र साय और उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका शहरवासियों की सरकार है। जशपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए भाजपा संकल्पित है। स्वच्छ सर्वेक्षण में नम्बर वन का तमगा प्राप्त करने के बाद बुनियादी सुविधाओं के विकास का काम तेजी से शुरु किया जा रहा है। कोरोना संकट की वजह से यह प्रभावित जरूर हुआ है, लेकिन आने वाले एक दो साल में लोगों को परिवर्तन दिखाई देने लगेगा।

जल्द शुरू होगा म्यूजिकल फाउंटेंन

नपा उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि सती उद्यान तालाब में जल्द ही म्यूजिकल फाउंटेन स्थापित किया जाएगा। इसकी मांग लंबे समय से शहरवासियों द्वारा की जा रही थी। नगर पालिका ने प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए राज्य सरकार को भेज दिया है, जल्दी इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

Related posts